Guava Panna Recipe: गर्मी शुरू होते ही हर घर में ठंडी-ठंडी ड्रिंक्स बनने लगती हैं. कोई शिकंजी पीना पसंद करता है, तो कोई ठंडाई या आम पन्ना, लेकिन अगर आप हर साल वही पुराने स्वाद पीकर बोर हो चुके हैं और इस बार कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो भुने अमरूद का पन्ना आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है. यह ड्रिंक स्वाद में अलग होने के साथ-साथ बेहद फ्रेश महसूस कराती है. आग पर भुने अमरूद की हल्की स्मोकी खुशबू, पुदीने की ठंडक, अदरक का हल्का तीखापन और मसालों का चटपटा स्वाद मिलकर ऐसा फ्लेवर तैयार करते हैं जिसे एक बार पीने के बाद बार-बार बनाने का मन करेगा.

खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और घर में मौजूद सामान से ही यह आसानी से तैयार हो जाता है, अगर आपके घर में अमरूद रखे हैं और आप उन्हें एक नए अंदाज में इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें. बच्चों से लेकर बड़े तक इसका स्वाद पसंद करेंगे और मेहमानों को भी कुछ नया परोसने का मौका मिलेगा.

भुने अमरूद का पन्ना बनाने के लिए सामग्री
1. 1 बड़ा पका हुआ अमरूद
2. 1 मुट्ठी ताजा पुदीना
3. 1 से 2 हरी मिर्च
4. 1 छोटा टुकड़ा अदरक
5. 1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
6. 1 छोटा चम्मच काला नमक
7. स्वाद के हिसाब से सफेद नमक
8. 2 से 3 बड़े चम्मच चीनी
9. 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
10. जरूरत के हिसाब से पानी
11. बर्फ के टुकड़े
12. थोड़ा सा सरसों का तेल

बनाने का आसान तरीका 
1. अमरूद को अच्छी तरह भूनें
सबसे पहले अमरूद को धोकर सुखा लें. अब कांटे की मदद से उसमें हल्के-हल्के छेद कर दें. इसके ऊपर ब्रश की मदद से थोड़ा सा सरसों का तेल लगा दें. अब इसे सीधे गैस की आंच या चूल्हे पर चारों तरफ से अच्छी तरह भून लें. जब इसका छिलका काला हो जाए और अमरूद नरम महसूस होने लगे, तब इसे उतार लें.

2. छिलका हटाकर काट लें
अमरूद थोड़ा ठंडा हो जाए तो उसका जला हुआ छिलका निकाल दें. इसके बाद उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें ताकि ब्लेंड करना आसान हो जाए.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. सभी चीजों को ब्लेंड करें
मिक्सर जार में कटा हुआ अमरूद डालें. इसके साथ पुदीना, हरी मिर्च, अदरक, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, सफेद नमक और थोड़ा पानी डालकर स्मूद पेस्ट बना लें.

4. मिश्रण को हल्का पकाएं
अब इस पेस्ट को एक कड़ाही में निकाल लें. इसमें थोड़ा और पानी और चीनी डालें. मीडियम आंच पर इसे तब तक पकाएं, जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए और मिश्रण थोड़ा गाढ़ा न हो जाए.

5. नींबू का रस मिलाएं
गैस बंद करने के बाद मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. अब इसमें नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें. इससे स्वाद और भी ताजा हो जाएगा.

6. ठंडा करके करें सर्व
एक गिलास में तैयार मिश्रण डालें. उसमें बर्फ के टुकड़े और ठंडा पानी मिलाकर अच्छी तरह चलाएं. चाहें तो ऊपर से थोड़ा भुना जीरा और पुदीने की पत्तियां डालकर सर्व करें.

इस ड्रिंक को और स्वादिष्ट बनाने के टिप्स
अगर आपको हल्का तीखा स्वाद पसंद है तो हरी मिर्च की मात्रा थोड़ा बढ़ा सकते हैं. चीनी की जगह गुड़ या शहद भी इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन उन्हें मिश्रण ठंडा होने के बाद मिलाएं. ज्यादा ठंडा स्वाद चाहिए तो इसे कुछ देर फ्रिज में रखकर परोसें. पार्टी या फैमिली गेट-टुगेदर में यह ड्रिंक लोगों का ध्यान जरूर खींचेगी.

क्यों ट्राई करें भुने अमरूद का पन्ना?
यह सिर्फ स्वाद में ही अलग नहीं है, बल्कि गर्मियों में कुछ नया पीने का शानदार मौका भी देता है. आम पन्ना की तरह यह भी फ्रेश महसूस कराता है, लेकिन इसका स्मोकी फ्लेवर इसे सबसे अलग बना देता है, अगर आप नई रेसिपी ट्राई करना पसंद करते हैं, तो यह ड्रिंक आपकी लिस्ट में जरूर होनी चाहिए. एक बार इसे घर पर बनाकर देखें, यकीन मानिए परिवार के लोग बार-बार इसकी डिमांड करेंगे.



Source link

Write A Comment