Water Cooked Cake Recipe: जब भी घर में केक बनाने की बात आती है, ज्यादातर लोगों के मन में सबसे पहला सवाल यही आता है कि बिना ओवन के केक कैसे बनेगा? यही वजह है कि कई लोग चाहकर भी घर पर केक बनाने की कोशिश नहीं करते, लेकिन सच यह है कि अब स्वादिष्ट, मुलायम और स्पंजी केक बनाने के लिए महंगे उपकरणों की जरूरत नहीं है, अगर आपके घर में सिर्फ एक कड़ाही, थोड़ा पानी और रोजमर्रा की कुछ सामग्री मौजूद है, तो आप बेहद आसान तरीके से शानदार केक तैयार कर सकते हैं.

खास बात यह है कि यह केक बच्चों के टिफिन, शाम की चाय या अचानक आए मेहमानों के लिए भी बढ़िया विकल्प साबित हो सकता है. इसका स्वाद बाजार के ड्राई केक जैसा लगता है, जबकि इसमें आप अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स भी मिला सकते हैं. कम मेहनत, कम सामान और शानदार स्वाद की वजह से यह रेसिपी तेजी से लोगों की पसंद बन रही है, अगर आप भी पहली बार घर पर केक बनाने की सोच रहे हैं, तो यह आसान तरीका आपके लिए बिल्कुल सही है.

कड़ाही में पानी से भी बन सकता है स्वादिष्ट केक
अक्सर लोग मान लेते हैं कि केक बनाने के लिए माइक्रोवेव या ओवन जरूरी होता है. जबकि कई घरेलू रसोइयों में सालों से कड़ाही और भाप की मदद से केक तैयार किया जाता रहा है. इस तरीके में केक सीधे पानी में नहीं डाला जाता, बल्कि उबलते पानी की भाप में धीरे-धीरे पकाया जाता है. इससे केक अच्छी तरह फूलता है और उसका टेक्सचर भी मुलायम रहता है, अगर घर में बच्चों का जन्मदिन हो, छोटा-सा सेलिब्रेशन हो या मीठा खाने का मन करे, तो यह रेसिपी बिना किसी झंझट के आपकी मदद कर सकती है.

केक बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
इस आसान रेसिपी के लिए आपको बहुत ज्यादा सामग्री जुटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए चाहिए-
1. 4 अंडे
2. 1 कप मैदा
3. थोड़ा दूध
4. स्वादानुसार चीनी
5. ड्राई फ्रूट्स या चेरी (वैकल्पिक)

अगर चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा वनीला एसेंस भी मिला सकते हैं. इससे केक की खुशबू और बेहतर हो जाती है.

बैटर तैयार करने का आसान तरीका
सबसे पहले चारों अंडों को एक ब्लेंडर या बड़े बर्तन में फोड़ लें. इसमें थोड़ा दूध, एक कप मैदा और स्वादानुसार चीनी डालें. अब सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड करें, ताकि बैटर पूरी तरह स्मूद हो जाए और उसमें कोई गांठ न रहे. जब बैटर तैयार हो जाए, तब उसमें अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स, किशमिश या चेरी मिला दें. इससे केक का स्वाद और भी शानदार हो जाएगा. अब इस मिश्रण को एक स्टील के बाउल में निकाल लें.

बैटर को ढकना क्यों जरूरी है?
केक के बाउल को पॉलिथिन शीट या फूड-ग्रेड रैप से अच्छी तरह ढक दें, अगर प्लेट से ढक रहे हैं तो ध्यान रखें कि प्लेट थोड़ी ऊंची रहे, क्योंकि पकने के दौरान केक फूलता है. सही तरीके से ढकने से पानी की बूंदें बैटर में नहीं गिरतीं और केक का टेक्सचर खराब नहीं होता.

पानी में ऐसे पकाएं केक
अब एक गहरी कड़ाही में इतना पानी डालें कि भाप अच्छी तरह बन सके. पानी उबलने लगे तो उसके अंदर स्टैंड या छोटी प्लेट रखें और उसके ऊपर बैटर वाला बाउल रख दें. इसके बाद कड़ाही को ढक्कन से अच्छी तरह बंद कर दें और मध्यम आंच पर करीब 40 मिनट तक पकने दें. तय समय के बाद टूथपिक या चाकू डालकर जांच लें, अगर वह साफ बाहर निकल आए तो समझिए केक पूरी तरह तैयार है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

थोड़ा ठंडा होने के बाद केक को बाउल से बाहर निकाल लें.

बच्चों के टिफिन के लिए शानदार विकल्प
आजकल कई माता-पिता बच्चों को बाजार की ज्यादा क्रीम वाली मिठाइयों की बजाय घर का बना खाना देना पसंद करते हैं. यह ड्राई केक उसी जरूरत को पूरा करता है. इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर टिफिन में रखा जा सकता है. बच्चे इसे आसानी से खा लेते हैं और यह लंबे समय तक ताजा भी रहता है. अगर घर में पार्टी का माहौल हो तो ऊपर से हल्का चॉकलेट सिरप, शहद या पाउडर चीनी डालकर भी इसे परोसा जा सकता है.

स्वाद बढ़ाने के आसान टिप्स
अगर आप हर बार अलग स्वाद चाहते हैं, तो बैटर में केले का पल्प, कोको पाउडर, दालचीनी पाउडर या इलायची पाउडर भी मिला सकते हैं. वहीं सूखे मेवों की जगह चॉकलेट चिप्स डालकर बच्चों के लिए इसे और मजेदार बनाया जा सकता है. घर में उपलब्ध सामग्री से बनने वाला यह केक न सिर्फ आसान है, बल्कि समय और पैसे दोनों की बचत भी करता है. यही वजह है कि बिना ओवन वाली यह रेसिपी तेजी से लोकप्रिय हो रही है.



Source link

Write A Comment