‘कोटा फैक्ट्री’, ‘पंचायत’, ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ और ‘गुल्लक’ जैसी सफल सीरीज के बाद अब टीवीएफ ने एक और बड़ा ऐलान किया है। द वायरल फीवर ने अब मराठी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत का ऐलान कर दिया है। प्रोडक्शन हाउस ने हाल ही में अपनी पहली मराठी फिल्म का ऐलान किया, जिसका नाम ‘बयांगी: पलायची नाही, तालायची’ है। मेकर्स ने एक बेहद रहस्यमयी पोस्टर के साथ फिल्म का ऐलान किया, जिसमें एक नारियल और उसके बगल में दीया रखा नजर आ रहा है। ये एक हॉरर फिल्म है, जो कोंकण की सबसे डरावनी लोककथाओं से प्रेरित है और इसमें सुपरनैचुरल घटनाओं और कॉमेडी का दिलचस्प मेल देखने को मिलने वाला है।

टीवीएफ का नया एक्सपेरिमेंट

TVF अपनी अलग तरह की कहानियों के लिए दर्शकों के बीच खास जगह बना चुका है। ऐसे में मराठी सिनेमा में भी टीवीएफ का पहला कदम कुछ अलग होने वाला है। ‘बयांगी: पलायची नाही, तालायची’ के जरिए मेकर्स ऐसी दुनिया रचने की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें लोककथाओं की रहस्यमयी दुनिया और आज के दौर का ह्यूमर एक साथ देखने को मिलेगा। ये एक हॉरर-कॉमेडी होगी, जिसका सबसे बड़ा आकर्षण इसका जॉनर हो सकता है। कहानी सुपरनैचुरल लोककथा की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ेगी, लेकिन इसका ट्रीटमेंट गंभीर होने के बजाय एंटरटेनमेंट और ह्यूमर से भरपूर रखा गया है।

‘बयांगी’ की कहानी

‘बयांगी’ की कहानी कोंकण के धुंध से घिरे गांवों के बीच एक बयांगी और चार कुंवारे लड़कों के इर्द-गिर्द घूमती दिखेगी। इन चार लड़कों को लगता है कि उन्हें आलीशान जिंदगी जीने का एक ‘चीट कोड’ मिल गया है। लेकिन, जैसे ही इन लड़कों को पता चलता है कि बयांगी की एक तय वैलिडिटी होती है और उन्हें तय समय के अंदर वापस करना होता है, उनकी खुशी जल्द ही डरावने सपने में बदल जाती है। अगर ऐसा नहीं होता तो बयांगी की  विनाशकारी ताकत बाहर आ जाती है। इसके बाद चारों के सामने एक बड़ा संकट आ खड़ा होता है। चारों दोस्त मिलकर बयांगी को मात देने की कोशिश करते हैं, लेकिन धीरे-धीरे इन्हें पता चलता है कि उनकी हर छोटी-बड़ी इच्छा की एक कीमत है।

‘बयांगी’ की कास्ट और निर्देशक

द वायरल फीवर (टीवीएफ) द्वारा प्रोड्यूस ‘बयांगी: पलायची नाही, तालायची’ का निर्देशन अभय राउत ने किया है, जो इससे पहले ‘गुल्लक’ सीजन 5 का भी निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म में अमेय वाघ, हार्दिक जोशी, मनमीत पेम और अविनाश खेडेकर जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। पिछले कुछ सालों में टीवीएफ दर्शकों को कई शानदार कंटेंट दे चुका है, जिनमें गुल्लक, सपने वर्सेस एवरीवन जैसे शोज शामिल हैं। ‘पंचायत’ टीवीएफ के सबसे हिट शोज में से है, जिसके अब तक 4 सीजन आ चुके हैं और सभी सीजन हिट रहे हैं। जल्दी ही ‘पंचायत सीजन 5’ लेकर आ रहा है, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

ये भी पढ़ेंः दो सीजन और 16 एपिसोड, ‘पंचायत’ के बिनोद की रोमांच से भरपूर ‘पुष्पावल्ली’ देखी? IMDb रेटिंग है 7.4

Latest Bollywood News





Source link

Write A Comment