पंजाब के मशहूर सिंगर गुलाब सिद्धू के घर शनिवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। गुलाब सिद्धू दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्त हैं। गुलाब सिद्धू के घर पर देर रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
यह पूरी वारदात बरनाला जिले के गांव फरवाही की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, देर रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने गुलाब सिद्धू के घर को निशाना बनाया और कई राउंड फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
फायरिंग की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सामने आई फुटेज में हमलावर घर के बाहर गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
बता दें कि गुलाब सिद्धू को सिद्धू मूसेवाला का बेहद करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि गुलाब सिद्धू को पहले भी मारने की धमकियां मिल चुकी थीं।
(रिपोर्ट- प्रवीण ऋषि)
खबर अपडेट हो रही है…