दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन खत्म हो चुका है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने के बाद प्रदर्शन को खत्म किया गया। अब CJP के नेता अभिजीत दीपके ने कहा है कि वह आगे की रणनीति का ऐलान जल्द करेंगे। अभिजीत दीपके ने बताया है कि छात्रों पर दर्ज FIR के मुद्दे पर CJP और सरकार के बीच बातचीत जारी है। आपको बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में नीट परीक्षा पेपर लीक और कई छात्रों की आत्महत्याओं के विरोध में एक महीने से ज्यादा समय तक चले धरना प्रदर्शन के बाद केंद्र सरकार पर प्रदर्शनकारियों ने सभी शर्तें मान ली जिसके बाद जंतर-मंतर पर 36 दिनों से जारी प्रदर्शन खत्म हो गया था।
क्या बोले अभिजीत दिपके?
दरअसल, दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट खत्म होने के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी की आगे क्या प्लानिंग है, इसको लेकर CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि आगे की प्लानिंग का वो जल्द खुलासा करेंगे। इसके साथ ही पंजाब में हुए पेपर लीक के मुद्दे पर जल्दी बड़ा फैसला लेंगे। रविवार को अभिजीत दिपके ने वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल से भी मुलाकात की है। अभिजीत दिपके ने कहा- “हम जल्द ही आगे की स्ट्रैटेजी बताएंगे। यह कल ही खत्म हुई है, प्लीज हमें थोड़ा समय दें।” पंजाब में कथित पेपर लीक पर उन्होंने कहा- “हम उस पर भी बात करेंगे, हम अभी इसके लिए प्लानिंग कर रहे हैं।” सरकार के साथ बातचीत पर उन्होंने कहा, “जो केस फाइल किए गए हैं, उनके बारे में बातचीत चल रही है। किसी भी स्टूडेंट के खिलाफ कोई केस रजिस्टर नहीं होना चाहिए।”
ये बीजेपी-कांग्रेस का प्रोपेगेंडा- मनीष सिसोदिया
वहीं, दूसरी ओर पंजाब में पेपर लीक के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा है कि ये बीजेपी और कांग्रेस का प्रोपेगेंडा है। मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि पिछले साढ़े 4 साल में पंजाब में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा- “कांग्रेस और भाजपा बहुत सारी अफवाहें फैला रहे हैं। उनके पेड ट्रोल सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं कि पंजाब में पेपर लीक हुआ है। मैं कांग्रेस और भाजपा से कहना चाहता हूं कि झूठ फैलाना बंद करें। आपके झूठ की वजह से ही जनता ने आपकी ऐसी हालत कर दी है कि एक को कोई पूछता नहीं है और दूसरे के शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ रहा है।”
पंजाब में कोई पेपर लीक नहीं हुआ- मनीष सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने आगे कहा- “पंजाब में कोई पेपर लीक नहीं हुआ। पंजाब की एक यूनिवर्सिटी में एक क्लासरूम में कुछ छात्र नकल करने के इरादे से ब्लूटूथ वाला स्मार्ट पेन क्लासरूम में ले आए। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत उसे जब्त कर लिया और उनके खिलाफ पुलिस एक्शन लिया गया।”
सीएम मान ने भी जारी किया बयान
इससे पहले इस मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का बयान भी सामने आया था। सीएम मान ने कहा था- “सरकार बने हुए साढ़े चार साल हो गए हैं। पंजाब में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। हमें दो जगहों से नकल की खबरें मिली थीं। वे ब्लूटूथ पेन से पेपर को डिजिटल रूप से स्कैन करके बाहर भेज रहे थे। उन्हें बाहर से मनचाहे जवाब मिल रहे थे। पेपर शुरू होने के 10 मिनट बाद ही, अंदर नकल कर रहे छात्र पकड़े गए और जो लोग बाहर से पेपर हल करवा रहे थे-जो एक पेपर के लिए 3-5 लाख रुपये ले रहे थे उन्हें भी पकड़कर जेल भेज दिया गया। कुल मिलाकर 21 लोगों को पकड़ा गया और जेल भेजा गया।”
ये भी पढ़ें- प्रदर्शनकारियों के समर्थन में उतरा किसान संगठन, CJP प्रवक्ता सौरभ दास ने X पर लिखा- ‘अब आएगा और मजा’
बरनाला में हड़ताली सफाई कर्मचारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज, महिलाएं समेत कई लोग घायल