होमफोटोलाइफ़फूड

पटना का यह इलाका मटन के लिए दूर-दूर तक मशहूर, बारोमास लगती खबोड़ियों की लाइन

Last Updated:

Patna Famous Mutton Street: बिहार विधानसभा क्षेत्र के आसपास का इलाका सिर्फ राजनीति का केंद्र ही नहीं, बल्कि मटन प्रेमियों का भी पसंदीदा ठिकाना बन चुका है. यहां सुबह होते ही मटन की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतार लग जाती है. हालत यह है कि रोजाना करीब 500 किलो तक मटन की खपत हो जाती है, फिर भी कई बार मांग के आगे सप्लाई कम पड़ जाती है.

बिहार विधानसभा से लेकर न्यू सचिवालय के बीच की सड़क का फुटपाथ राजधानी पटना में मटन प्रेमियों का सबसे पसंदीदा ठिकाना बन चुका है. इस पूरे इलाके में हर दिन 20 से भी अधिक मटन की दुकानें सजती हैं, जहां सुबह से ही ग्राहकों का आना शुरू हो जाता है. दोपहर होते-होते यहां पैर रखने तक की जगह नहीं बचती. सरकारी कर्मचारी, स्थानीय लोग और बाहर से आने वाले लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं. मटन-चावल की खुशबू पूरे इलाके में फैली रहती है. यही वजह है कि यह जगह खाने-पीने के शौकीनों के बीच खास पहचान बना चुकी है.

इस इलाके की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके आसपास बिहार विधानसभा, न्यू सचिवालय समेत कई बड़े सरकारी ऑफिस मौजूद हैं. रोजाना सैकड़ों लोग सरकारी कामकाज के सिलसिले में यहां पहुंचते हैं. दोपहर के भोजन का समय होते ही इनमें से बड़ी संख्या में लोग फुटपाथ पर लगी मटन की दुकानों का रुख करते हैं. वहीं, आसपास के दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारी भी लंच ब्रेक के दौरान यहीं बैठकर मटन-चावल का स्वाद लेते नजर आते हैं. यही वजह है कि दोपहर के समय यहां सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिलती है.

दुकानदारों का कहना है कि ऑफिस वाले दिनों में कारोबार कई गुना बढ़ जाता है. एक-एक दुकान पर रोजाना 50 से 60 किलो तक मटन आसानी से बिक जाता है. अगर पूरे इलाके की बात करें तो हर दिन 500 किलो से भी अधिक मटन की बिक्री हो जाती है. कई बार दोपहर बाद तक कुछ दुकानों का मटन खत्म भी हो जाता है. हालांकि, जिस दिन ऑफिस बंद होता है उस दिन बाजार कमजोर रहता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

फुटपाथ पर मौजूद कई दुकानें अपने खास स्वाद की वजह से सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो चुकी हैं. इनमें बंगाली बाबा का मटन, मैडम जी का मटन और हिचकी मटन जैसी दुकानें सबसे ज्यादा चर्चा में रहती हैं. इन दुकानों के वीडियो लाखों लोग देख चुके हैं. कई लोग सिर्फ इनका स्वाद चखने के लिए यहां पहुंचते हैं. स्वाद और मसालों का खास अंदाज इन दुकानों को बाकी जगहों से अलग पहचान दिलाता है.

यहां आने वाले ग्राहकों को उनकी पसंद के मुताबिक मटन के पीस दिए जाते हैं. खाने के साथ भरपूर ग्रेवी, अनलिमिटेड चावल और प्याज भी परोसा जाता है. इससे लोग भरपेट भोजन का आनंद लेते हैं. सबसे खास बात यह है कि तेज धूप और गर्मी के बावजूद दोपहर के समय भी यहां लोगों की खूब भीड़ लगी रहती है. सोमवार से शुक्रवार तक ऑफिस खुलने के दौरान यहां सबसे ज्यादा रौनक देखने को मिलती है.

हर सुबह इन दुकानों की तैयारी शुरू हो जाती है और करीब 10 बजे तक पूरा फुटपाथ मटन की दुकानों से सज जाता है. मैडम जी ढाबा की मैडम जी बताती हैं कि वो हर रोज सुबह 5 बजे से ही मटन बनाने में लग जाती हैं. बिक्री का सिलसिला शाम 4 से 5 बजे तक लगातार चलता रहता है. सड़क से गुजरने वाले लोगों को दुकानदार अपनी-अपनी दुकान पर बुलाने की कोशिश करते हैं. समय-समय पर प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया जाता है, लेकिन अगले ही दिन फिर से फुटपाथ पर दुकानें सज जाती हैं.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment