अगर बात आलू, गोभी या पनीर के पराठे की हो, और मुंह में पानी न आए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. अगर आपको पराठे पसंद भी हैं साथ ही आपको अपनी सेहत का भी ज्यादा ख्याल रहता है, तो आप कम तेल में कुरकुरा और हेल्दी पनीर पराठा भी आसानी से बना सकते हैं, इसके लिये एयर फ्रायर आपके लिये एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है. इसमें पराठा बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से एकदम नरम बनता है. तो आइए जानते हैं इसको बनाने की आसान विधि.
सामग्री
आटे के लिए
2 कप गेहूं का आटा
1/2 छोटा चम्मच नमक
पानी आवश्यकतानुसार
स्टफिंग के लिए
200 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर
2 हरी मिर्च बारीक कटी
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
1/2 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
स्वादानुसार नमक
अन्य
1 से 2 चम्मच घी या तेल ब्रश करने के लिए
बनाने की विधि
1. आटा तैयार करें
गेहूं के आटे में नमक मिलाकर मुलायम आटा गूंथ लें. इसे 15-20 मिनट ढककर रख दें.
2. स्टफिंग बनाएं
एक बाउल में पनीर, हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
3. पराठा तैयार करें
आटे की लोई बनाकर हल्का बेलें. बीच में पनीर की स्टफिंग रखें और किनारों को बंद करके दोबारा बेल लें. ध्यान रखें कि पराठा बहुत पतला न हो.
4. एयर फ्रायर प्रीहीट करें
एयर फ्रायर को 180°C पर 3-5 मिनट के लिए प्रीहीट कर लें.
5. पराठा एयर फ्राई करें
पराठे पर दोनों तरफ हल्का घी या तेल ब्रश करें.
एयर फ्रायर बास्केट में बटर पेपर या हल्का तेल लगाएं.
पराठा रखकर 180°C पर 8-10 मिनट पकाएं।
बीच में 4-5 मिनट बाद पराठे को पलट दें.
यदि ज्यादा कुरकुरा पसंद हो तो अंत में 200°C पर 1-2 मिनट और पकाएं.
परफेक्ट पनीर पराठा बनाने के टिप्स
एयर फ्रायर में एक बार में एक या दो पराठे ही रखें.
पराठे पर हल्की घी की परत लगाने से रंग और स्वाद बेहतर आता है.
स्टफिंग में थोड़ा चाट मसाला मिलाने से स्वाद और बढ़ जाता है.
बच्चों के लिए बनाते समय मिर्च कम रखें.
परोसने का तरीका
गरमा-गरम एयर फ्रायर पनीर पराठा दही, पुदीना चटनी, मक्खन या अचार के साथ परोसें. कम तेल में बना यह पराठा स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन मेल है.