Last Updated:
Mushrooms Cleaning Hacks: मशरूम को सही तरीके से साफ करना बहुत जरूरी है ताकि उसका स्वाद और टेक्सचर खराब न हो. पानी में डुबाने के बजाय सूखे आटे, गीले कपड़े या हल्के नमक वाले पानी का इस्तेमाल करें. ये आसान तरीके मशरूम को साफ, सफेद और स्वादिष्ट बनाए रखते हैं.
बिना पानी के मशरूम साफ करने का तरीका
Mushrooms Cleaning Hacks: मशरूम आजकल हर किचन का फेवरेट बन चुका है. चाहे पिज्जा हो, पास्ता या फिर सब्जी, हर जगह इसका इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है, लेकिन एक बड़ी परेशानी जो ज्यादातर लोगों को होती है, वो है मशरूम को सही तरीके से साफ करना. बाजार से आने वाले मशरूम पर अक्सर मिट्टी, काले धब्बे और गंदगी चिपकी होती है. ऐसे में लोग सीधे पानी से धोकर इस्तेमाल कर लेते हैं, जो सही तरीका नहीं है. दरअसल, मशरूम स्पंज की तरह होते हैं और पानी को बहुत जल्दी सोख लेते हैं. इससे उनका टेक्सचर खराब हो जाता है और पकने के बाद स्वाद भी फीका लगने लगता है.
अगर आप चाहते हैं कि आपके मशरूम दिखने में एकदम साफ-सुथरे रहें और खाने में भी उनका असली स्वाद बना रहे, तो आपको थोड़ी अलग सोच अपनानी होगी. कुछ आसान किचन ट्रिक्स हैं जिनकी मदद से बिना ज्यादा पानी इस्तेमाल किए आप गंदे से गंदे मशरूम को भी एकदम सफेद और फ्रेश बना सकते हैं. आइए जानते हैं ये आसान और काम के तरीके.
मशरूम साफ करने का सबसे बढ़िया तरीका
1. सूखे आटे का कमाल
यह तरीका बहुत ही आसान और असरदार है. एक बाउल में मशरूम लें और ऊपर से थोड़ा गेहूं का सूखा आटा डाल दें. अब हल्के हाथों से मशरूम को रगड़ें. आटा गंदगी और नमी को सोख लेता है, जिससे काले धब्बे और मिट्टी आसानी से निकल जाती है. इसके बाद मशरूम को बस हल्के पानी से जल्दी से धो लें और तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ लें. इससे मशरूम ज्यादा पानी नहीं सोखेंगे और उनका टेक्सचर भी सही रहेगा.
2. गीले कपड़े से सफाई
अगर मशरूम बहुत ज्यादा गंदे नहीं हैं, तो यह तरीका सबसे सेफ माना जाता है. एक साफ किचन टॉवल या मलमल का कपड़ा लें और उसे हल्का गीला करें. अब हर मशरूम को धीरे-धीरे पोंछें. इससे ऊपर की मिट्टी और धूल साफ हो जाएगी, बिना पानी में डुबोए. यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए सही है जो मशरूम का नैचुरल स्वाद बनाए रखना चाहते हैं.
3. नमक वाले गुनगुने पानी का इस्तेमाल
कभी-कभी मशरूम पर ज्यादा गंदगी होती है, तब यह तरीका काम आता है. एक बर्तन में हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा नमक मिलाएं.मशरूम को इसमें डालें और सिर्फ 20-30 सेकंड के लिए छोड़ें. ज्यादा देर रखने से मशरूम पानी सोख लेंगे. फिर तुरंत निकालकर साफ पानी से धो लें और सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें.
कुछ जरूरी टिप्स जो ध्यान रखें
मशरूम को कभी भी लंबे समय तक पानी में न रखें. धोने के बाद तुरंत सुखाना बहुत जरूरी है. काटने से पहले ही साफ करें, बाद में नहीं, अगर फ्रिज में रखना है तो साफ करने के बाद ही स्टोर करें.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें