Harabhara Kabab Recipe: हरी सब्जियां खाने की सलाह तो हर कोई देता है, लेकिन अक्सर बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी पालक या दूसरी पत्तेदार सब्जियां देखकर मुंह बना लेते हैं. ऐसे में अगर वही पौष्टिक चीजें स्वादिष्ट स्नैक के रूप में मिल जाएं तो बात ही अलग हो जाती है. हरा भरा कबाब ऐसी ही एक डिश है, जो स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल मानी जाती है. बाहर मिलने वाले तले हुए स्नैक्स की जगह अगर घर पर कम तेल में बना यह कबाब तैयार किया जाए तो शाम की छोटी-सी भूख भी शांत होती है और पोषण भी मिलता है.
खास बात यह है कि इसे बनाने में महंगे या मुश्किल से मिलने वाले सामान की जरूरत नहीं पड़ती. पालक, मटर, आलू और कुछ रोजमर्रा के मसालों की मदद से कुछ ही समय में यह रेसिपी तैयार हो जाती है, अगर आप हेल्दी स्नैकिंग की आदत अपनाना चाहते हैं या बच्चों को हरी सब्जियां खिलाने का आसान तरीका ढूंढ रहे हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बढ़िया विकल्प हो सकती है. इसे एयर फ्रायर, ओवन या तवे पर भी बनाया जा सकता है, जिससे तेल का इस्तेमाल काफी कम हो जाता है.
हरा भरा कबाब क्यों है हेल्दी स्नैक?
हरा भरा कबाब में पालक, मटर और धनिया जैसी हरी सब्जियों का इस्तेमाल होता है, जो फाइबर, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं. इसमें उबले आलू मिलाने से कबाब को अच्छा टेक्सचर मिलता है, जबकि मसाले इसका स्वाद बढ़ा देते हैं, अगर इसे डीप फ्राई करने की बजाय एयर फ्राई या बेक किया जाए तो यह रोजमर्रा की हेल्दी डाइट का हिस्सा भी बन सकता है.
हरा भरा कबाब बनाने के लिए सामग्री
जरूरी चीजें
1. 2 कप बारीक कटा पालक
2. 1 कप उबले हुए हरे मटर
3. 2 उबले और मैश किए हुए आलू
4. 2 कप ब्रेडक्रंब
5. 1/4 कप बारीक कटा हरा धनिया
6. 2 हरी मिर्च
7. 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
8. 1 चम्मच गरम मसाला
9. 1 चम्मच जीरा पाउडर
10. 1 चम्मच चाट मसाला
11. नमक स्वादानुसार
ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट हरा भरा कबाब
सबसे पहले तैयार करें सब्जियां
सबसे पहले आलू उबालकर अच्छी तरह मैश कर लें. इसके बाद पालक को हल्का ब्लांच करें ताकि उसका कच्चापन खत्म हो जाए. मटर को भी उबाल लें और धनिया के साथ हल्का सा मैश या पीस लें. इससे मिश्रण अच्छी तरह तैयार होगा.
मसालों के साथ करें मिक्स
अब तैयार मिश्रण में हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, गरम मसाला, जीरा पाउडर, चाट मसाला और नमक डालें. आखिर में ब्रेडक्रंब मिलाकर अच्छी तरह गूंध लें, अगर मिश्रण ज्यादा नरम लगे तो थोड़ा और ब्रेडक्रंब मिला सकते हैं.
कबाब को दें सही आकार
अब मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या टिक्की जैसा आकार दें. कोशिश करें कि सभी कबाब लगभग एक जैसे आकार के हों ताकि पकते समय सभी बराबर तैयार हों.
कम तेल में भी मिलेगा शानदार स्वाद
अगर आप तेल कम खाना पसंद करते हैं तो इन कबाब को एयर फ्रायर में क्रिस्पी होने तक पकाएं. चाहें तो ओवन में बेक करें या नॉन-स्टिक तवे पर हल्के तेल के साथ सेक लें. इससे बाहर की परत कुरकुरी और अंदर का हिस्सा नरम बना रहता है.
किन चीजों के साथ करें सर्व?
हरा भरा कबाब को पुदीना-धनिया की चटनी, दही की डिप या टमाटर सॉस के साथ परोसा जा सकता है. कई लोग इसे मल्टीग्रेन ब्रेड के बीच रखकर हेल्दी बर्गर की तरह भी खाते हैं. शाम की चाय के साथ यह स्नैक पूरे परिवार को पसंद आ सकता है.
बच्चों और बड़ों दोनों के लिए बढ़िया विकल्प
घरों में अक्सर बच्चों को पालक या मटर खिलाना चुनौती बन जाता है. ऐसे में हरा भरा कबाब एक आसान उपाय साबित हो सकता है. बाहर के पैकेट वाले स्नैक्स की तुलना में यह ज्यादा पौष्टिक और ताजा होता है. ऑफिस से लौटने के बाद हल्की भूख मिटाने या मेहमानों के लिए झटपट स्नैक बनाने में भी यह रेसिपी काम आती है.