मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते नीलगंगा चौराहे पर देर रात गोलियां चली। दरअसल, पासी गुट और गोरकर परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी के चलते पासी गुट के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए और भाजपा नेता के भतीजे की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना नीलगंगा चौराहे पर शनिवार देर रात पुराने विवाद को लेकर गोरकर और पासी गुट में हुई थी। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पराशर की दी गई जानकारी के अनुसार पासी गुट के एक दर्जन से अधिक लोगों ने गोरकर परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। पथराव के बाद गोलियां की आवाज से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गोली लगने से गोरकर परिवार के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसी परिवार के तीन लोग घायल हो गए। देर रात पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों के मन में खौफ बैठ गया। मध्य प्रदेश में हत्या और फायरिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
भाजपा नेता के भतीजे की हत्या
दरअसल, शनिवार देर रात करीब 11 बजे नीलगंगा चौराहे के समीप रहने वाले पहलवान नेता दिलीप राव गोरकर उर्फ दिल्लू पहलवान के परिवार के लोगों पर अचानक पासी गुट के लोगों ने हमला कर दिया। देखते ही देखते ईंट और पत्थर चलने लगे। इसके बाद गोलियों की आवाज से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। गोली लगने से दिल्लू पहलवान के 32 वर्षीय भतीजे लोकेश पिता प्रदीप राव गोरकर निवासी नीलगंगा की मौत हो गई, जबकि गोली व पत्थर लगने से दिल्लू पहलवान, उनका 32 वर्षीय बेटा तपन और 29 वर्षीय भतीजा जितेश पिता प्रदीप राव गोरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें कि दिल्लू पहलवान की छवि एक पहलवान नेता के रूप में है।
2 महीने पहले भी दोनों गुटों में हुई थी हाथापाई
नीलगंगा क्षेत्र में गोरकर और पासी गुट के लोगों के बीच का विवाद मारपीट में बदल गया। बताया जाता है कि पूर्व में किसी विवाद में एक पक्ष के लोगों को सजा भी हो चुकी है। तब से ही दोनों गुटों के बीच रंजिश है। करीब दो महीने पहले भी दोनों गुटों के युवकों के बीच मारपीट हुई थी। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि 8-10 दिन पहले भी क्षेत्र में दोनों गुटों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यही पुराना विवाद शनिवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया।
(इनपुट – प्रेम डोडिया)
ये भी पढ़ें – भोपाल राजमार्ग पर बेकाबू एसयूवी पलटी, भाजपा नेता समेत दो लोगों की मौत