Last Updated:
Nenua Mustard Curry Recipe: नेनुआ या तरोई की सब्जी तो हर किसी के घर में बनती है पर इसे एक बार बिहारी स्टाइल में बनाकर देखें. इस रेसिपी में पीली सरसों का अहम रोल होता है. इसका मसाला पीसकर सब्जी में डाला जाता है. इसे चावल के साथ खाएं या रोटी-पराठे के साथ, यह कमाल ही लगती है.
सीतामढ़ी. हरी और सेहतमंद सब्जियों को जब पारंपरिक मसालों के साथ पकाया जाए, तो उनका स्वाद और बढ़ जाता है. ऐसी ही एक स्वादिष्ट रेसिपी साझा करते हुए कुशल गृहिणी खुशबू कुमारी कहती हैं कि ‘नेनुआ की सरसों वाली सब्जी’ स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है. इसे बनाना जितना आसान है, इसका स्वाद उतना ही लाजवाब होता है.
इस सब्जी की सबसे बड़ी खासियत इसकी ग्रेवी है, जो पीली सरसों और लहसुन के महीन पेस्ट से तैयार की जाती है. खुशबू कुमारी के अनुसार, इस तरीके से बनी सब्जी को जो एक बार चख लेता है, वह इसका स्वाद भूल नहीं पाता. इसे दोपहर में चावल या रात में गरमा-गरम रोटी के साथ खाया जा सकता है.
सही कटिंग और हल्का फ्राई करना है पहला सीक्रेट
रेसिपी की शुरुआत करते हुए खुशबू कुमारी बताती हैं कि सबसे पहले ताजा और नरम हरे नेनुआ (तोरई) को अच्छी तरह धोकर छील लेना चाहिए. इसके बाद इन्हें गोल और थोड़े मोटे टुकड़ों में काटना जरूरी है, क्योंकि ज्यादा बारीक काटने से नेनुआ पकते समय ज्यादा गल सकता है और सब्जी का टेक्सचर बिगड़ सकता है.
इसके बाद कड़ाही गरम करके थोड़ा तेल डालें. तेल गरम होने पर उसमें थोड़ी हल्दी डालें और कटे हुए नेनुआ को मध्यम से तेज आंच पर 2 से 3 मिनट तक हल्का भूनकर अलग प्लेट में निकाल लें. खुशबू कुमारी का मानना है कि हल्दी के साथ पहले भूनने से नेनुआ का स्वाद और बेहतर हो जाता है.
सरसों-लहसुन का पेस्ट और मसालों की धीमी आंच पर भुनाई
इस सब्जी की असली जान इसका मसाला है. इसके लिए मिक्सी में पीली सरसों, छिली हुई लहसुन की कलियां और थोड़ा पानी डालकर महीन पेस्ट तैयार करें. इसके बाद कड़ाही में दोबारा तेल गरम करें और काली सरसों (राई) या मेथी दाने का तड़का लगाएं. फिर बारीक कटे प्याज को सुनहरा होने तक भूनें.
इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और तैयार सरसों-लहसुन का पेस्ट डालें. मसाले को धीमी आंच पर चलाते हुए तब तक भूनें, जब तक उसका कच्चापन दूर न हो जाए. जब मसाला आधा भुन जाए, तब इसमें बारीक कटे टमाटर और स्वादानुसार नमक डालकर ढक दें, ताकि टमाटर गल जाए और मसाला तेल छोड़ने लगे.
धीमी आंच पर पकाने से बढ़ेगा स्वाद
आखिरी चरण में भुने मसाले में पहले से भुना हुआ नेनुआ मिला दें. खुशबू कुमारी एक जरूरी बात बताते हुए कहती हैं कि नेनुआ पकते समय खुद भी पानी छोड़ता है, इसलिए अगर गाढ़ी ग्रेवी पसंद है तो अलग से पानी न डालें. जरूरत हो तभी थोड़ा पानी मिलाएं.
इसके बाद कड़ाही ढककर सब्जी को धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट तक पकने दें. धीमी आंच पर पकने से नेनुआ मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख लेता है. तय समय के बाद गरमा-गरम और स्वादिष्ट नेनुआ की सरसों वाली सब्जी तैयार हो जाती है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें