महाराष्ट्र: पुणे जिले हिंजवड़ी इलाके से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की लोहे की रॉड से पीट पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खूनी संघर्ष में उसके साथ उसकी गर्लफ्रेंड भी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मर्डर का खुलासा करते हुए बताया, आरोपी दिनेश और घायल लड़की स्कूल के समय से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे। दोनों बीसीए की पढ़ाई के लिए पुणे आए थे इसी दौरान लड़की की नजदीकियां पीजी मैनेजर सागर गायकवाड से बढ़ गईं थीं। पुलिस का मानना है कि इसी लव ट्रायंगल और रंजिश के चलते आरोपी दिनेश ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
प्रेमी के साथ रहने आई थी युवती
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सागर गायकवाड पिछले चार दिनों से हिंजवड़ी के एक सात मंजिला पीजी में मैनेजर के रूप में काम कर रहा था। बुधवार की रात एक लड़की एक महीने के लिए उस पीजी में रहने आई और उसने पीजी संचालक को बताया कि सागर उसका प्रेमी है, जिसके बाद सागर ने उसे तीसरी मंजिल के कमरा नंबर 310 में ठहराया था।
एकतरफा प्यार में हत्या
अगले दिन दोपहर को दिनेश महादेव झांबरे नाम का युवक पीजी में पहुंचा और उसने वहां कर्मचारियों से कहा कि उसे सागर से मिलना है। इतना कहकर दिनेश खुद तीसरी मंजिल पर पहुंच गया और कुछ ही देर में वहां से चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। जब लोग मौके पर पहुंचे तो सागर खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था और आरोपी दिनेश उस पर लगातार लोहे की रॉड से लगातार हमला कर रहा था। इस दौरान आरोपी दिनेश ने लड़की पर भी रॉड से जानलेवा हमला किया।
इस हमले में सागर गायकवाड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह पूरी वारदात पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है और मुख्य आरोपी दिनेश महादेव झांबरे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
(पुणे से समीर शेख की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
दुष्कर्म के बाद सिर कुचला, प्राइवेट पार्ट में रॉड घुसाया, 16 साल की लड़की को दी गई खौफनाक मौत