Last Updated:
Fluffy and Crispy Puri Hacks: अगर आपकी पूड़ियां कुछ ही देर में नरम हो जाती हैं, तो आटा गूंथते समय एक चम्मच सूजी और आधा चम्मच चीनी मिला दीजिए. यह आसान ट्रिक आपके काम आ सकती है. इससे पूरियां लंबे समय तक फूली हुई, सुनहरी और कुरकुरी बनी रहती हैं. साथ ही उनका स्वाद भी बेहतर हो जाता है.
पूड़ियों को कुरकुरी बनाने के लिए आटे में थोड़ी सूजी और जरा सी चीनी मिला सकते हैं.
Tips To Make Crispy Puris: त्योहारों के मौके पर पूड़ी बनाने का चलन है. पूड़ी भारतीय रसोई का एक लोकप्रिय व्यंजन है, जिसे नाश्ते से लेकर त्योहारों और खास मौकों तक बड़े चाव से खाया जाता है. कई बार ऐसा होता है कि पूड़ियां तलते समय तो अच्छी फूल जाती हैं, लेकिन कुछ देर बाद नरम पड़ जाती हैं या उनकी कुरकुराहट खत्म हो जाती है. अगर आप चाहते हैं कि आपकी पूड़ियां लंबे समय तक फूली हुई और क्रिस्पी बनी रहें, तो आटा गूंथते समय एक आसान ट्रिक अपनानी होगी.
सूजी मिलाने से बढ़ेगी कुरकुराहट
क्रिस्पी पूड़ी बनाने के लिए आटे में एक चम्मच सूजी मिलाना बेहद फायदेमंद माना जाता है. सूजी की बनावट आटे को थोड़ा सख्त और दानेदार बनाती है, जिससे तलने के बाद पूड़ियों में हल्की कुरकुराहट आती है. यही वजह है कि सूजी मिलाकर बनाई गई पूड़ियां सामान्य पूड़ियों की तुलना में ज्यादा समय तक अपनी बनावट बनाए रखती हैं.
चीनी की ट्रिक करेगी कमाल
आधे चम्मच चीनी का इस्तेमाल करने से पूड़ियां फूली-फूली और कुरकुरी बन सकती हैं. यह सुनने में भले ही अजीब लगे, लेकिन यह पूड़ी को बेहतर रंग और टेक्सचर देने में मदद कर सकती है. तलते समय चीनी हल्की कैरामेलाइज होकर पूड़ियों को सुनहरा रंग देती है. साथ ही इससे पूड़ी की बाहरी परत ज्यादा आकर्षक और हल्की कुरकुरी बन सकती है. ध्यान रखें कि चीनी की मात्रा बहुत कम ही रखें, ताकि स्वाद पर कोई असर न पड़े.
ये सावधानी भी बरतें
पूड़ियों का आटा हमेशा थोड़ा सख्त गूंथना चाहिए. बहुत नरम आटा पूड़ियों को ज्यादा तेल सोखने पर मजबूर कर सकता है और वे जल्दी नरम पड़ सकती हैं. आटा गूंथने के बाद उसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और बेलते समय पूड़ियां आसानी से तैयार होती हैं.
सिर्फ आटे की ट्रिक ही नहीं, बल्कि तेल का सही तापमान भी पूड़ियों की क्वालिटी तय करता है. तेल अच्छी तरह गर्म होना चाहिए, लेकिन इतना भी नहीं कि पूड़ियां तुरंत जलने लगें. मध्यम से तेज आंच पर पूड़ियां तलने से वे अच्छी तरह फूलती हैं और उनमें अतिरिक्त तेल भी कम जाता है. इससे उनका स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर बने रहते हैं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें