रणजी ट्रॉफी 2025-26 की उपविजेता टीम कर्नाटक ने आगामी घरेलू सीजन को लेकर अभी से अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसमें उन्होंने सबसे बड़ा फैसला कोचिंग सेटअप में लिया है। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी और शानदार तेज गेंदबाज रहे विनय कुमार को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। इससे पहले यह पोजीशन येरे गौड़ संभाल रहे थे जिनकी जगह पर 42 साल के विनय कुमार की नियुक्ति हुई है। वहीं सपोर्ट स्टाफ में विनय कुमार के साथ कर्नाटक के पूर्व बल्लेबाज दीपक चौगुले को फील्डिंग कोच के रूप में नियुक्ति मिली है। कर्नाटक रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में अपना आगाज 11 अक्टूबर को आंध्र के खिलाफ होने वाले मुकाबले से करेगी।
महाराजा टी20 ट्रॉफी में हुबली टाइगर्स की कप्तानी संभाल रहे थे विनय कुमार
विनय कुमार को लेकर बात की जाए तो उन्होंने टीम इंडिया की तरफ से इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में खेला है। विनय कुमार ने जहां एक टेस्ट में एक विकेट हासिल किया तो वहीं 31 वनडे मैचों में खेलते हुए 38 विकेट लेने में कामयाब रहे थे। वहीं 9 टी20 इंटरनेशनल मैचों में विनय कुमार 10 विकेट लेने में कामयाब रहे थे। घरेलू क्रिकेट में विनय कुमार का फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड देखने को मिलता है जहां वह कर्नाटक की तरफ से खेले हैं। विनय कुमार ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 139 मैच खेलने के साथ 504 विकेट हासिल किए हैं। वहीं रणजी ट्रॉफी के इतिहास में विनय कुमार अभी भी तेज गेंदबाज के रूप में सबसे ज्यादा 442 विकेट लेने बॉलर के रूप में पहले नंबर पर काबिज हैं। कर्नाटक क्रिकेट टीम के हेड कोच की नियुक्ति से कुछ दिन पहले विनय कुमार महाराजा टी20 ट्रॉफी में हुबली टाइगर्स की कप्तानी संभाल रहे थे।
विनय ने संन्यास के बाद कोचिंग में आजमाया है हाथ
इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट से साल 2021 में रिटायरमेंट का ऐलान करने के बाद विनय कुमार ने कोचिंग की दुनिया में कदम रखा जिसमें उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए IPL में टैलेंट स्काउट की भूमिका को संभाला तो वहीं UAE की ILT20 में MI एमिरेट्स के साथ बॉलिंग कोच रह चुके हैं। विनय की कप्तानी में कर्नाटक ने 2013 से 2015 के बीच विजय हजारे ट्रॉफी, रणजी ट्रॉफी और ईरानी कप जीतकर एक अनोखा ‘डबल-ट्रेबल’ हासिल किया था। विनय साल 2014 में केकेआर और साल 2015 के अलावा 2017 में आईपीएल का खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस के स्क्वाड का भी हिस्सा रहे हैं।
ये भी पढ़ें
मिचेल स्टार्क ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंटरनेशनल लेफ्ट हैंडर्स डे पर रचा इतिहास