Last Updated:
Poha Sooji Pancake Recipe: रोज पोहा, उपमा या पराठा खाकर बोर हो गए हैं तो पोहा और सूजी से यह आसान पैनकेक बनाया जा सकता है. पोहा, सूजी और दही से इसका सॉफ्ट बैटर तैयार होता है, जिसमें पसंद की सब्जियां भी मिलाई जा सकती हैं. प्याज, गाजर, शिमला मिर्च और हरा धनिया इसके स्वाद के साथ टेक्सचर भी बेहतर बनाते हैं. इसे बहुत ज्यादा तेल में तलने की जरूरत नहीं पड़ती, तवे पर थोड़े से तेल में आसानी से पकाया जा सकता है. सही तरीके से पकाने पर पैनकेक अंदर से नरम और स्पंजी जबकि किनारों से हल्का क्रिस्पी बनता है. इसे सुबह के नाश्ते या शाम की हल्की भूख में नारियल, मूंगफली या टमाटर की चटनी के साथ परोस सकते हैं.
पोहा सूजी दही पैनकेक रेसिपी, कम तेल में नाश्ता (Image-AI generated)
Poha Sooji Pancake Recipe: सुबह नाश्ता बनाने की बारी आते ही अक्सर यही सोचना पड़ता है कि आज ऐसा क्या बनाया जाए जो जल्दी भी तैयार हो और रोज के नाश्ते से थोड़ा अलग भी लगे. पोहा और सूजी तो लगभग हर रसोई में मिल जाते हैं, लेकिन इन्हें दही और सब्जियों के साथ मिलाकर बनाया जाए तो इनका स्वाद बिल्कुल बदल जाता है. यह रेसिपी खास तौर पर उन लोगों को पसंद आ सकती है जो ज्यादा तेल में तली चीजों से बचना चाहते हैं.
पोहा, सूजी और दही से तैयार होने वाला यह पैनकेक बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से नरम रहता है. इसमें प्याज, गाजर और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां डालने से स्वाद भी बढ़ता है और नाश्ता देखने में भी अच्छा लगता है.
पोहा, सूजी और दही से तैयार करें बैटर
इस नाश्ते की खासियत इसका आसान बैटर है. सबसे पहले एक कप पोहा लें और उसे साफ पानी से दो बार धो लें. अब इसमें आधा कप सूजी और आधा कप ताजा दही डालकर अच्छी तरह मिला लें. इस मिश्रण को करीब 8 से 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. इतने समय में पोहा और सूजी दही का पानी सोख लेंगे और नरम हो जाएंगे. इसके बाद मिश्रण को मिक्सी में डालें. इसमें जरूरत के हिसाब से 2 से 3 चम्मच पानी डालकर बारीक और स्मूथ पीस लें. तैयार बैटर को एक बर्तन में निकालकर स्वादानुसार नमक मिला दें.
बैटर की कंसिस्टेंसी का रखें ध्यान
बैटर न तो बहुत पतला होना चाहिए और न ही बहुत गाढ़ा. इसे डोसे या उत्तपम के बैटर से थोड़ा गाढ़ा रखा जा सकता है. सही कंसिस्टेंसी होने पर पैन में बैटर आसानी से फैल जाएगा और पैनकेक अंदर से नरम बनेगा.
(इमेज AI)
सब्जियों से बढ़ाएं स्वाद और रंग
अब बारी है सब्जियां तैयार करने की. एक पैन में करीब एक छोटा चम्मच तेल गर्म करें. इसमें आधा चम्मच जीरा डालें. जीरा चटकने लगे तो बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, शिमला मिर्च और कद्दूकस की हुई गाजर डाल दें. सब्जियों को तेज आंच पर केवल 1 से 2 मिनट तक हल्का भूनें. इन्हें पूरी तरह गलाने की जरूरत नहीं है. हल्का भूनने से सब्जियों का कच्चापन कम हो जाता है और उनका स्वाद भी बना रहता है. भुनी हुई सब्जियों को तैयार बैटर में डालें. इसमें बारीक कटा हरा धनिया भी मिलाएं. इससे पैनकेक का स्वाद और रंग दोनों बेहतर हो जाएंगे.
स्पंजी बनाने के लिए डालें बेकिंग सोडा
बैटर को ज्यादा सॉफ्ट और स्पंजी बनाने के लिए पकाने से ठीक पहले एक चुटकी बेकिंग सोडा या जरूरत के अनुसार थोड़ा फ्रूट सॉल्ट डाल सकते हैं. इसे डालने के बाद बैटर को हल्के हाथ से एक ही दिशा में मिलाएं. सोडा डालने के बाद बैटर को लंबे समय तक रखकर न छोड़ें. इसे तुरंत पैन पर डालकर पकाना बेहतर रहेगा.
View this post on Instagram