Last Updated:

Potatoes Storage Mistakes: अक्सर लोग आलू और प्याज को एक साथ स्टोर कर देते हैं, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए. फूड एक्सपर्ट्स के अनुसार प्याज से निकलने वाली नमी और गैसें आलू के सड़ने की प्रक्रिया को तेज कर सकती हैं. आलू को हमेशा प्याज से दूर रखना चाहिए, ताकि आलू कई सप्ताह तक खराब न हो.

Zoom

प्याज के साथ आलू को नहीं रखना चाहिए, क्योंकि प्याज से निकलने वाली गैस आलू खराब कर सकती हैं.

Useful Kitchen Storage Tips: भारतीय रसोई में आलू और प्याज का इस्तेमाल सबसे ज्यादा किया जाता है. अधिकतर सब्जियों में प्याज और आलू को मिक्स किया जाता है. यही वजह है कि आलू और प्याज को लोग थोक में खरीदकर घर में स्टोर कर लेते हैं. आमतौर पर प्याज और आलू कई सप्ताह तक खराब नहीं होते हैं. कई लोग आलू और प्याज को एक ही टोकरी या बैग में रख देते हैं, लेकिन यह आदत आपकी सब्जियों की शेल्फ लाइफ कम कर सकती है. जी हां, सुनकर चौंक रहे होंगे, लेकिन आलू और प्याज को एक साथ रखना ठीक नहीं है. इससे आलू जल्दी खराब हो सकते हैं.

यूएस डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर (USDA) की फूड स्टोरेज गाइडलाइंस के मुताबिक प्याज से प्राकृतिक रूप से नमी और कुछ गैसें निकलती हैं, जिनमें एथिलीन गैस भी शामिल हो सकती है. ये गैस आसपास रखी सब्जियों के पकने और खराब होने की प्रक्रिया को तेज कर सकती हैं. जब आलू और प्याज को लंबे समय तक एक साथ रखा जाता है, तो आलू जल्दी अंकुरित होने लगते हैं या उनमें सड़न की आशंका बढ़ जाती है. यही कारण है कि एक्सपर्ट्स आलू और प्याज को अलग-अलग जगहों पर स्टोर करने की सलाह देते हैं. आलू को हमेशा ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखना चाहिए. बहुत अधिक रोशनी या नमी के संपर्क में आने से आलू हरे पड़ सकते हैं और जल्दी खराब होने लगते हैं.

फूड एक्सपर्ट्स का कहना है कि आलू को प्लास्टिक बैग में बंद करके रखने के बजाय जालीदार टोकरी, पेपर बैग या अच्छे वेंटिलेशन वाले कंटेनर में रखना बेहतर माना जाता है. प्याज को ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां हवा का अच्छा आवागमन हो. नमी वाली जगह पर रखने से प्याज नरम पड़ सकती है और उसमें फफूंदी लगने का खतरा बढ़ जाता है. प्याज को भी टोकरी या जालीदार बैग में रखना अच्छा विकल्प माना जाता है. सामान्य परिस्थितियों में साबुत आलू और प्याज को फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं होती है. फ्रिज का तापमान इनके स्वाद और बनावट को प्रभावित कर सकता है. हालांकि कटे हुए आलू या प्याज को सीमित समय के लिए फ्रिज में सुरक्षित रखा जा सकता है.

आलू को सेब और केले के पास रखने से भी बचना चाहिए, क्योंकि कुछ फल एथिलीन गैस छोड़ते हैं, जो पकने की प्रक्रिया को तेज कर सकती है. इसी तरह प्याज और आलू को एक-दूसरे से दूर रखने से दोनों की ताजगी लंबे समय तक बनी रह सकती है. अगर आप चाहते हैं कि आलू और प्याज ज्यादा दिनों तक ताजा बने रहें, तो उन्हें कभी भी एक साथ स्टोर न करें. दोनों को अलग-अलग, सूखी और हवादार जगह पर रखने से उनकी शेल्फ लाइफ बढ़ सकती है और खराब होने की संभावना कम हो सकती है. छोटी-सी यह स्टोरेज ट्रिक आपकी सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Write A Comment