Spicy Matar Chaat Recipe: शाम होते ही अगर कुछ चटपटा, खट्टा और मसालेदार खाने का मन करने लगे, तो मटर चाट एकदम सही विकल्प है. बाहर ठेले पर मिलने वाली चाट की खुशबू और स्वाद भला किसे पसंद नहीं होता? खासकर जब ऊपर से मीठी इमली की चटनी, तीखी हरी चटनी, भुना जीरा और कुरकुरे सेव पड़ते हैं, तो साधारण मटर भी बेहद स्वादिष्ट लगने लगती है, लेकिन हर बार स्ट्रीट फूड खाने के लिए बाहर जाना संभव नहीं होता. कभी साफ-सफाई की चिंता रहती है, तो कभी मन करता है कि घर पर ही कुछ ऐसा बनाया जाए जो स्वाद में बाजार जैसा लगे. ऐसे में घर की रसोई में आसानी से बनने वाली मटर चाट आपकी क्रेविंग शांत कर सकती है.

इसके लिए बहुत ज्यादा सामग्री या किसी खास कुकिंग स्किल की जरूरत नहीं पड़ती. रातभर भिगोई हुई सफेद मटर, कुछ सब्जियां, मसाले और चटनी मिलाकर चटपटी चाट तैयार हो जाती है. अच्छी बात यह है कि आप इसमें तीखापन, खट्टापन और चटनी की मात्रा अपने स्वाद के हिसाब से रख सकते हैं. तो चलिए जानते हैं ठेले जैसी मसालेदार मटर चाट बनाने का आसान तरीका.

मटर चाट बनाने के लिए सामग्री
इस चाट को तैयार करने के लिए 1 कप सफेद मटर लें और इन्हें रातभर पानी में भिगोकर रखें. इसके अलावा 1 बारीक कटा प्याज, 1 टमाटर, 1-2 हरी मिर्च और 1 उबला हुआ आलू चाहिए. स्वाद बढ़ाने के लिए 2-3 बड़े चम्मच इमली की खट्टी-मीठी चटनी, 1 बड़ा चम्मच हरी चटनी, 1 छोटा चम्मच चाट मसाला और आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर रखें. इसके साथ काला नमक, सादा नमक और लाल मिर्च पाउडर स्वाद के अनुसार डालें. आखिर में 1 चम्मच नींबू का रस, थोड़ा हरा धनिया और ऊपर से डालने के लिए सेव या पापड़ी रख लें. यही छोटी-छोटी चीजें चाट को बाजार वाला स्वाद देती हैं.

(इमेज AI)

ऐसे बनाएं मसालेदार मटर चाट
पहले मटर को अच्छी तरह पकाएं
रातभर भीगी सफेद मटर को पानी से अच्छी तरह धोकर प्रेशर कुकर में डालें. इसमें थोड़ा नमक, एक चुटकी हल्दी और इतना पानी डालें कि मटर अच्छी तरह डूब जाएं. कुकर बंद करके मध्यम आंच पर करीब 3-4 सीटी आने दें. मटर इतने नरम होने चाहिए कि आसानी से खाए जा सकें, लेकिन पूरी तरह गलकर पेस्ट न बनें. मटर पकने के बाद अगर कुकर में पानी ज्यादा है, तो उसे अलग कर दें या कुछ देर धीमी आंच पर पकाकर अतिरिक्त पानी सुखा लें. चाट में मटर का बहुत ज्यादा पानी रहने से मसाले और चटनी का स्वाद हल्का पड़ सकता है.

अब आएगा चाट का असली स्वाद
एक बड़े बर्तन में उबली हुई मटर लें. इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और छोटे टुकड़ों में कटा उबला आलू डालें. अब चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, थोड़ा सादा नमक और लाल मिर्च डालें. इसके बाद इमली की खट्टी-मीठी चटनी और हरी चटनी डालकर ऊपर से नींबू का रस निचोड़ें. सभी चीजों को हल्के हाथ से मिलाएं. यहीं पर आप चाट चखकर स्वाद को अपने हिसाब से बदल सकते हैं. ज्यादा खट्टा पसंद है तो थोड़ा नींबू या इमली की चटनी बढ़ाएं और तीखा पसंद है तो हरी मिर्च या हरी चटनी की मात्रा बढ़ाई जा सकती है.

(इमेज AI)

सर्व करने का तरीका भी खास रखें
मटर चाट तैयार होने के बाद इसे सीधे प्लेट में डालने के बजाय छोटे दोने या कटोरी में सर्व करें. ऊपर से बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और कुरकुरे सेव डालें. चाहें तो पापड़ी को हल्का क्रश करके भी ऊपर से डाल सकते हैं. इससे हर निवाले में नरम मटर के साथ कुरकुरापन भी मिलेगा, अगर घर में कुल्हड़ या मिट्टी का छोटा सकोरा है, तो उसमें चाट परोसना भी अच्छा आइडिया है. इससे चाट का लुक काफी हद तक स्ट्रीट फूड जैसा लग सकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

इन छोटी बातों से बढ़ेगा स्वाद
मटर को बहुत ज्यादा गलाने से बचें, क्योंकि चाट में हल्की बाइट अच्छी लगती है. चटनी डालने के बाद चाट को बहुत देर तक खुला न छोड़ें, वरना सेव और पापड़ी का कुरकुरापन कम हो जाएगा, अगर घर में चाट के लिए पहले से उबले आलू और भीगी हुई मटर तैयार हैं, तो यह स्नैक कुछ ही मिनट में बन सकता है.



Source link

Write A Comment