प्रयागराज: प्रयागराज के स्वामीनारायण मंदिर का एक हिस्सा भारी बारिश के बीच भरभराकर ढह गया। यह शुक्रवार देर रात उस वक्त हुआ जब लोग मंदिर परिसर में सो रहे थे। अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ मंदिर की इमारत के सामने वाला हिस्सा जमीन पर आ गिरा। आवाज सुनते ही लोगों की नींद खुल गई। राहत की बात रही कि मलबे की चपेट में कोई नहीं आया। किसी के घायल होने की फिलहाल सूचना नहीं है।

मेहमानों के ठहरने के लिए होता था इस्तेमाल 

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित इस मंदिर का जो हिस्सा ढहा उसे मुख्य रूप से बाहर से आने वाले मेहमानों के ठहरने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। मंदिर परिसर से सटे हिस्से में एक तीन मंजिला कमर्शियल-कम-रेसिडेंशियल अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी चल रही थी। इसके लिए काफी गहरा गड्ढा खोदा गया था।

स्थानीय लोगों की मानें तो लगातार बारिश के कारण इस गड्ढे में पानी जमा हो रहा था। इससे मंदिर की नींव के आसपास मिट्टी में नमी बढ़ गई और बेस कमजोर होने लगा था। इसी वजह से मंदिर का अगला विशाल ढांचा अचानक ढह गया।

इलाके में मची अफरा-तफरी

इस घटना के चश्मदीद मोइन अली ने बताया कि मंदिर के पीछे की ओर इमारत का कुछ हिस्सा अभी भी खड़ा है, जबकि सामने का बड़ा हिस्सा पूरी तरह गिर गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन और संबंधित टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह और निर्माण कार्य से मंदिर की संरचना पर पड़े प्रभाव की जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि रात के समय हुए इस हादसे के बावजूद किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

ये भी पढ़ें:


प्रयागराज से हरिद्वार तक जाएगा गंगा एक्सप्रेसवे, यूपी कैबिनेट ने दी मंजूरी- चेक करें डिटेल्स

 





Source link

Write A Comment