बाढ़ पीड़ितों को राहत बांटने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद की धरती से विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। राहत शिविरों, किसानों और युवाओं के मुद्दों पर बात करने के साथ ही CM योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले प्रदेश में नौकरी और आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर कुछ लोगों का कब्जा था, लेकिन अब सरकार ने नई व्यवस्था लागू कर उस पर रोक लगा दी है।
फतेहगढ़ पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 1000 बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत किट वितरित की। इन किटों में 26 तरह की जरूरी सामग्री शामिल थी। गंगा की बाढ़ में घर और जमीन गंवाने वाले लोगों को मंच से सहायता राशि के चेक भी सौंपे गए। इस दौरान सीएम ने बाढ़ प्रभावित हाईस्कूल छात्र करण कश्यप के साथ सेल्फी भी ली।
बाढ़ पीड़ितों को पहुंचाई जा रही राहत सामग्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए लगातार काम कर रही है। जिन घरों में पानी घुसा है, वहां राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। उन्होंने बताया कि राहत किट में आटा, चावल, आलू, चना, तेल समेत जरूरी खाद्य सामग्री दी जा रही है। राहत शिविरों में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए शिक्षकों को भी लगाया गया है।
आउटसोर्स सर्विस कॉरपोरेशन का जिक्र करते हुए योगी ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले आउटसोर्सिंग कंपनियों के जरिए कर्मचारियों के हितों से खिलवाड़ होता था। CM के अनुसार, नई व्यवस्था में कर्मचारियों को बेहतर वेतन के साथ EPF और ESI जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने 3.52 लाख कार्मिकों की व्यवस्था को व्यवस्थित करने का काम किया है।
युवाओं के रोजगार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में नौकरियां बिना भेदभाव के मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। योगी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
किसानों के सीधे खाते में आएगी सहायता राशि
किसानों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि फर्रुखाबाद आलू उत्पादन का बड़ा केंद्र है। नुकसान झेलने वाले किसानों का सर्वे कराकर उन्हें सीधे खाते में सहायता दी जाएगी। उन्होंने कोल्ड स्टोरेज में रखे आलू को लेकर भी मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही गन्ना मूल्य बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने और मक्का खरीद की व्यवस्था का जिक्र किया।
फर्रुखाबाद की कनेक्टिविटी पर योगी ने कहा कि प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे जिले को गंगा और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि इसके बाद फर्रुखाबाद को एक्सप्रेसवे से जुड़ने की पुरानी शिकायत नहीं रहेगी।CM ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार छात्राओं को स्कूटी देने की भी बात कही। वहीं, हर साल आने वाली बाढ़ से जिले को बचाने के लिए गंगा किनारे तटबंध निर्माण की मांग पर तेजी से काम करने का भरोसा दिया।
(रिपोर्ट: विशाल सिंह)
यह भी पढ़ें:
बिजनौर में एसपी का चार्ज लेते ही एक्शन में आए केके बिश्नोई, कई धार्मिक स्थलों से उतरवाया लाउडस्पीकर