Last Updated:
Firozabad Famous Kulfi: कांच की चूड़ियों के लिए दुनिया भर में मशहूर सुहागनगरी फिरोजाबाद का स्वाद भी बेहद अनोखा है. अगर आप यहां हैं और आपने घंटाघर के पास मिलने वाली खास कुल्फी का स्वाद नहीं चखा, तो आपका सफर अधूरा है. पिछले 40 सालों से अपनी शुद्धता और पारंपरिक स्वाद का जादू बिखेर रही यह कुल्फी आज भी लोगों की पहली पसंद बनी हुई है. मिट्टी के कुल्हड़ और सुराही में परोसी जाने वाली इस रबड़ेदार कुल्फी का क्रेज ऐसा है कि स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश के बड़े-बड़े महानगरों से आने वाले लोग भी इसके दीवाने हैं. आइए जानते हैं क्या है इस 40 साल पुरानी कुल्फी की खासियत.
Firozabad Famous Kulfi: यूपी के फिरोजाबाद में वैसे तो खाने-पीने के कई सारे आइटम मिलते हैं, लेकिन घंटाघर के पास मिलने वाली कुल्फी की अलग ही बात है. जी हां, लगभग 40 साल से यहां पर कुल्फी को तैयार कर बेचा जा रहा है. इसे एकदम शुद्ध तरीके से तैयार किया जाता है. इस कुल्फी को मिट्टी के कुल्हड़ या सुराही में दिया जाता है, जिससे खाने में और भी मजा आता है. यहां की एक कुल्फी से ही लोगों का पेट भर जाता है.
40 साल से नहीं बदला स्वाद, रबड़ी और कच्ची बर्फ से होती है तैयार
फिरोजाबाद घंटाघर के पास ‘जैन साहब कुल्फी भंडार’ के नाम से दुकान करने वाले दुकानदार रितेश जैन ने लोकल 18 से बातचीत की और कहा कि उनकी दुकान लगभग 40 साल पुरानी है. उनके यहां तीन पीढ़ियों से कुल्फी बनाकर बेचने का कार्य किया जा रहा है. उनकी दुकान पर मिलने वाली कुल्फी को बहुत ही स्पेशल तरीके से तैयार किया जाता है. सबसे पहले मिट्टी की सुराही या कुल्हड़ में कच्ची बर्फ को घिसकर रबड़ी मिलाई जाती है.
फिर इसके बाद इसमें अलग-अलग तरह के आइटम भी मिलाए जाते हैं. इसके बाद यह कुल्फी बहुत टेस्टी बनकर तैयार होती है. वहीं, उन्होंने बताया कि इस कुल्फी को खाने के लिए रोजाना सैकड़ों लोग आते हैं. उनकी दुकान पर रोजाना करीब 300 लोग कुल्फी खाने के लिए आते हैं.
80 रुपए में मिलती है ये कुल्फी, देश के कोने-कोने से आते हैं लोग
कुल्फी बेचने वाले दुकानदार ने बताया कि उनके यहां कुल्फी की कीमत ₹80 है. शुरुआत में इस कुल्फी को ₹2 से बेचना शुरू किया गया था, लेकिन जैसे-जैसे महंगाई बढ़ती गई, कुल्फी के रेट भी बढ़ा दिए गए और आज यह कुल्फी ₹80 में खूब बिक रही है. वहीं, उन्होंने कहा कि इस कुल्फी को खाने के लिए फिरोजाबाद में मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और दिल्ली समेत कई जगहों से लोग आते हैं और इस खास कुल्फी का आनंद लेते हैं.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें