आज स्मार्टफोन सिर्फ कॉल और मैसेज करने का जरिया नहीं रह गया है. हमारे फोन में बैंकिंग से जुड़ी जानकारी, निजी चैट, फोटो, वीडियो, कॉन्टैक्ट्स और लोकेशन जैसी कई जरूरी चीजें मौजूद रहती हैं. ऐसे में फोन की प्राइवेसी का ध्यान रखना काफी जरूरी हो जाता है.
लेकिन कई बार हम बिना ज्यादा सोचे किसी ऐप को जरूरत से ज्यादा परमिशन दे देते हैं. खासकर कोई गेम, कैलकुलेटर या दूसरी सामान्य ऐप अगर ऐसी परमिशन मांग रही है, जिसकी उसे जरूरत ही नहीं है, तो सावधान हो जाना चाहिए.
कुछ फर्जी ऐप इन परमिशन का गलत इस्तेमाल करके निजी जानकारी चुरा सकती हैं. इसलिए फोन में इन 5 परमिशन को जरूर चेक करें और जरूरत न होने पर इन्हें बंद कर दें.
SMS Permission
SMS की परमिशन काफी संवेदनशील होती है. अगर कोई संदिग्ध ऐप आपके SMS पढ़ने की इजाजत हासिल कर लेती है, तो वह बैंक से आने वाले OTP, ट्रांजैक्शन मैसेज और लॉगिन कोड तक पहुंच बना सकती है.
इस जानकारी का गलत इस्तेमाल करके ठगी की कोशिश की जा सकती है. इसलिए जिस ऐप को SMS पढ़ने की जरूरत नहीं है, उसे यह परमिशन बिल्कुल न दें.
Camera और Microphone Permission
कैमरा और माइक्रोफोन की परमिशन आमतौर पर कैमरा ऐप, वीडियो कॉल या रिकॉर्डिंग जैसी जरूरतों के लिए होती है. लेकिन अगर कोई गेम, फ्लैशलाइट, कैलकुलेटर या दूसरी साधारण ऐप इन दोनों की परमिशन मांगती है, तो पहले सोचें कि उसे इसकी जरूरत क्यों है.
गलत ऐप को यह एक्सेस मिलने पर आपकी आवाज या कैमरे का गलत इस्तेमाल होने का खतरा रहता है. इससे निजी जानकारी लीक होने की आशंका भी बढ़ सकती है.
Location Permission
लोकेशन की परमिशन भी सोच-समझकर देनी चाहिए. अगर किसी ऐप को आपने ‘Always Allow’ पर लोकेशन एक्सेस दे रखा है, तो वह लगातार आपकी लोकेशन की जानकारी हासिल कर सकती है.
इससे यह पता लगाया जा सकता है कि आप कब और कहां जाते हैं और किसी जगह पर कितनी देर रहते हैं. इसलिए ऐसी ऐप्स के लिए लोकेशन को ‘Allow only while using the app’ पर रखना बेहतर है, जिन्हें हर समय लोकेशन की जरूरत नहीं होती.
Accessibility Permission और Unknown Apps
Accessibility Permission काफी पावरफुल एक्सेस देती है. इसके जरिए किसी ऐप को स्क्रीन पर होने वाली कई एक्टिविटी तक पहुंच मिल सकती है. अगर यह परमिशन किसी गलत ऐप के पास चली जाए, तो पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी और निजी चैट जैसी चीजों के लिए खतरा बढ़ सकता है.
इसी तरह ‘Install Unknown Apps’ सेटिंग भी सावधानी से इस्तेमाल करनी चाहिए. इसे ऑन रखने पर फोन में Play Store या App Store के बाहर से ऐप इंस्टॉल की जा सकती है. इससे फोन में वायरस या स्पाइवेयर आने का खतरा बढ़ जाता है.
फोन को सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?
फोन में किसी भी ऐप को परमिशन देने से पहले देखें कि उसे वास्तव में उस एक्सेस की जरूरत है या नहीं. कैमरा, माइक्रोफोन और लोकेशन जैसी परमिशन को संभव हो तो ‘While using the app’ पर रखें.
किसी कैलकुलेटर, वॉलपेपर या गेमिंग ऐप को बिना जरूरत SMS, कॉन्टैक्ट्स या कॉल से जुड़ी परमिशन न दें. इसके अलावा ऐप्स हमेशा भरोसेमंद प्लेटफॉर्म जैसे Google Play Store या Apple App Store से ही डाउनलोड करें.
सबसे जरूरी बात यह है कि समय-समय पर फोन की Permission Settings चेक करते रहें. अगर किसी ऐसी ऐप को संवेदनशील परमिशन मिली हुई है, जिसे उसकी जरूरत नहीं है, तो उसे तुरंत बंद कर देना बेहतर है.