Rasaj Ki Kadhi: रसाज कढ़ी बघेलखंड का पारंपरिक व्यंजन माना जाता है. शादी-ब्याह, त्योहार और पारिवारिक आयोजनों में इसे विशेष रूप से बनाया जाता है. रसाज कढ़ी का स्वाद इतना अलग होता है कि इसे एक बार खाने वाला व्यक्ति इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाता. कढ़ी बनाने के लिए दही और बेसन का पतला घोल तैयार किया जाता है. फिर कड़ाही में तेल गर्म कर उसमें राई और मेथी का तड़का लगाया जाता है. इसके बाद प्याज और लहसुन डालकर अच्छी तरह भूना जाता है. फिर हल्दी और नमक डालकर मसालों को पकाया जाता है. अब इसमें दही और बेसन का घोल डालकर धीमी आंच पर पकाया जाता है. जब कढ़ी अच्छी तरह तैयार हो जाती है, तब उसमें पहले से बने रसाज डाल दिए जाते हैं. गरमागरम रसाज कढ़ी को चावल या रोटी के साथ परोसा जाता है. इसका स्वाद खट्टा, मसालेदार और बेहद लजीज होता है. यही वजह है कि बघेलखंड आने वाले लोग यहां के इस पारंपरिक व्यंजन का स्वाद जरूर चखना पसंद करते हैं.