Parwal Chutney Recipe: गर्मी का मौसम आते ही खाने की पसंद खुद-ब-खुद बदलने लगती है. भारी-भरकम और ज्यादा मसालेदार चीजें खाने का मन नहीं करता, बल्कि कुछ हल्का, ठंडक देने वाला और स्वाद से भरपूर खाने की चाह होती है. ऐसे में अगर आपकी थाली में रोज वही पुरानी चटनी आ रही है, तो थोड़ा बदलाव जरूरी है. इस बार कुछ नया और मजेदार ट्राई करें, परवल की चटपटी चटनी. परवल आमतौर पर सब्जी के रूप में खाया जाता है, लेकिन इसकी चटनी भी कमाल की बनती है. यह न सिर्फ स्वाद में जबरदस्त होती है, बल्कि पेट के लिए भी काफी आरामदायक मानी जाती है.

गर्मी में जब पाचन थोड़ा कमजोर हो जाता है, तब ऐसी चीजें बहुत काम आती हैं. खास बात यह है कि यह चटनी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है. रोटी, पराठा या फिर दाल-चावल के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है, अगर आप भी कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो हेल्दी भी हो और स्वाद में भी लाजवाब हो, तो यह रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है.

परवल की चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-4-5 परवल
-1 छोटा प्याज
-3-4 लहसुन की कलियां
-2 हरी मिर्च
-थोड़ा सा अदरक
-1 चम्मच नींबू का रस
-1 बड़ा चम्मच हरा धनिया
-नमक स्वाद अनुसार
-आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर
-1 चम्मच सरसों का तेल

बनाने की आसान विधि
सबसे पहले परवल को अच्छी तरह धो लें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक पैन में थोड़ा सा सरसों का तेल डालकर गर्म करें. इसमें कटे हुए परवल डालें और हल्का नरम होने तक भून लें. जब परवल अच्छे से पक जाए, तो गैस बंद करके उसे ठंडा होने दें. अब मिक्सर जार में भुना हुआ परवल, प्याज, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. इसके बाद इसमें नमक, भुना जीरा पाउडर और नींबू का रस मिलाएं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

अब इन सभी चीजों को अच्छे से पीस लें, ताकि एक स्मूद चटनी तैयार हो जाए. चाहें तो इसमें थोड़ा सा दही मिलाकर इसे और भी क्रीमी बना सकते हैं, अगर आपको ज्यादा तीखा पसंद है, तो इसमें लाल मिर्च भी डाल सकते हैं. तैयार है आपकी स्वाद से भरपूर परवल की चटनी. इसे ठंडा करके सर्व करें, स्वाद और भी बढ़ जाएगा.

गर्मी में क्यों फायदेमंद है यह चटनी
-परवल की तासीर ठंडी मानी जाती है, इसलिए यह गर्मी में शरीर को राहत देने का काम करता है. इसके अलावा इसमें फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जिससे पेट साफ रहता है और पाचन बेहतर होता है.

अगर आप हल्का और हेल्दी खाना पसंद करते हैं, तो यह चटनी आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन है. इसमें कैलोरी कम होती है, इसलिए इसे आप बिना ज्यादा सोच के अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं. बच्चों के लिए भी यह एक अच्छा विकल्प है, क्योंकि इसका स्वाद खट्टा-तीखा और मजेदार होता है. वे इसे बिना नखरे के खा लेते हैं, जो अक्सर सब्जियों के साथ मुश्किल होता है.

कुछ आसान टिप्स
चटनी को ठंडा करके खाने से स्वाद ज्यादा अच्छा लगता है. फ्रिज में रखने पर यह 1-2 दिन तक आसानी से चल सकती है. दही मिलाने से इसका टेस्ट और टेक्सचर बेहतर हो जाता है. अगर स्मोकी फ्लेवर चाहिए, तो परवल को थोड़ा ज्यादा भून लें.



Source link

Write A Comment