Baingan Recipe Secret: बैंगन की सब्जी का नाम सुनते ही कई लोग मुंह बना लेते हैं. किसी को इसका स्वाद पसंद नहीं आता, तो किसी को इसकी हल्की कड़वाहट परेशान करती है, लेकिन सच ये है कि अगर बैंगन को सही तरीके से पकाया जाए, तो यही साधारण सी सब्जी बेहद स्वादिष्ट और शाही लग सकती है. कई घरों में बैंगन की भुजिया, भरता या ग्रेवी वाली सब्जी बनती है, लेकिन फिर भी होटल जैसा स्वाद नहीं आ पाता. ऐसे में सोशल मीडिया पर अपनी आसान और स्वादिष्ट रेसिपीज के लिए पसंद की जाने वाली “विन्नू की रसोई” ने एक खास ट्रिक शेयर की है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है. उन्होंने बताया कि बैंगन बनाते समय थोड़ा सा दूध डालने से इसका स्वाद पूरी तरह बदल जाता है.
यह तरीका न सिर्फ बैंगन की कड़वाहट कम करता है, बल्कि सब्जी को मलाईदार, रिच और बेहद स्वादिष्ट बना देता है. हालांकि इस ट्रिक को अपनाते समय एक जरूरी बात का ध्यान रखना बहुत जरूरी है, वरना पूरी सब्जी खराब भी हो सकती है, अगर आप भी चाहते हैं कि घर की बैंगन की सब्जी हर किसी को पसंद आए, तो यह आसान किचन सीक्रेट आपके बहुत काम आने वाला है.
बैंगन में दूध डालने का सही तरीका
बैंगन की सब्जी में दूध डालना सुनने में थोड़ा अलग लग सकता है, लेकिन इसका सही तरीका ही स्वाद को खास बनाता है. सबसे पहले बैंगन और मसालों को अच्छे से भून लें. जब सब्जी करीब 80 प्रतिशत तक पक जाए, तब गैस की आंच धीमी कर दें. अब इसमें धीरे-धीरे गुनगुना दूध डालें और लगातार चलाते रहें. ध्यान रखें कि फ्रिज से निकाला हुआ ठंडा दूध सीधे गर्म सब्जी में बिल्कुल न डालें. ऐसा करने से दूध फट सकता है और पूरी ग्रेवी खराब हो सकती है, अगर आप सही तरीके से दूध मिलाते हैं, तो सब्जी की ग्रेवी बेहद स्मूद और क्रीमी बनती है.
बैंगन की कड़वाहट होती है कम
कई बार बैंगन के छिलके में हल्की कड़वाहट रहती है, जिसकी वजह से पूरी सब्जी का स्वाद बिगड़ जाता है. खासकर बच्चों को यह स्वाद बिल्कुल पसंद नहीं आता. दूध में मौजूद फैट और प्रोटीन इस कड़वाहट को कम करने में मदद करते हैं. जब दूध बैंगन के साथ पकता है, तो उसका कसैलापन धीरे-धीरे खत्म होने लगता है. इससे बैंगन का स्वाद हल्का और मजेदार हो जाता है. यही वजह है कि दूध डालने के बाद बैंगन की सब्जी ज्यादा बैलेंस और स्वादिष्ट लगती है.
बिना क्रीम के मिलेगा रेस्टोरेंट जैसा स्वाद
अगर आप घर की सब्जी को होटल जैसा रिच लुक देना चाहते हैं, तो दूध बहुत काम की चीज है. कई लोग काजू पेस्ट या क्रीम डालते हैं, लेकिन दूध भी शानदार रिजल्ट देता है. दूध ग्रेवी को मलाईदार बनाता है और मसालों के स्वाद को अच्छे से बैलेंस करता है. इससे सब्जी में एक मखमली टेक्सचर आता है, जो खाने में बेहद मजेदार लगता है. खास बात ये है कि यह तरीका जेब पर भारी भी नहीं पड़ता.
बैंगन का असली स्वाद रहता है बरकरार
बैंगन की अपनी एक अलग मिट्टी जैसी खुशबू और स्वाद होता है. कई बार ज्यादा मसाले डालने से उसका असली स्वाद दब जाता है. दूध इस स्वाद को खत्म नहीं करता, बल्कि उसे और बेहतर तरीके से उभारता है. दूध डालने के बाद बैंगन नरम हो जाता है और मसालों को अच्छे से सोख लेता है. इससे हर बाइट में बैंगन का असली स्वाद महसूस होता है.
सब्जी की रंगत भी दिखती है शानदार
अक्सर बैंगन काटने या पकाने के बाद काला पड़ने लगता है. इससे सब्जी देखने में उतनी अच्छी नहीं लगती. दूध डालने से ग्रेवी की रंगत बेहतर बनी रहती है. दूध में मौजूद नैचुरल फैट और लैक्टोज सब्जी को हल्का सुनहरा और फ्रेश लुक देते हैं. यही वजह है कि दूध डालने के बाद बैंगन की करी ज्यादा आकर्षक दिखती है.
सबसे जरूरी सावधानी जरूर रखें
अगर आप बैंगन की सब्जी में इमली डाल रहे हैं, तो दूध का इस्तेमाल बिल्कुल न करें. इमली की खटास और दूध आपस में रिएक्शन कर सकते हैं, जिससे ग्रेवी फट सकती है. इतना ही नहीं, स्वाद भी खराब हो सकता है. अगर हल्की खटास चाहिए तो थोड़ा टमाटर इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन इमली और दूध का कॉम्बिनेशन अवॉइड करना ही बेहतर रहेगा. यही छोटी सी सावधानी आपकी सब्जी का स्वाद बचा सकती है.