उत्तर प्रदेश के बरेली में एएनटीएफ बरेली इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गया आरोपी थाना फरीदपुर इलाके के ग्राम मोहनपुर का निवासी जब्बार खान है। टीम ने उसे थाना मीरगंज में एक हॉस्पिटल के सामने से पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से हेरोइन बरामद हुई है जिसमें बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के पास से एक मोबाइल और 1200 रुपये भी मिले हैं।

खेप लेकर देहरादून जाने की तैयारी में आरोपी

बरेली में पकड़े गए आरोपी जब्बार खान ने एएनटीएफ की पूछताछ में बताया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर हेरोइन की अवैध सप्लाई करता है। दोनों सस्ते में हेरोइन खरीदते थे और इसके बाद इसे उत्तराखंड के देहरादून में अलग-अलग लोगों तक पहुंचाते थे। गिरफ्तारी के दिन भी जब्बार हेरोइन की खेप लेकर देहरादून जाने की तैयारी में था। पुलिस के मुताबिक , जब्बार मादक पदार्थ लेकर रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान एएनटीएफ टीम को उसके बारे में सूचना मिली। टीम ने घेराबंदी कर उसे मीरगंज इलाके में एक हॉस्पिटल के सामने रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के बाद अब पुलिस जब्बार के भाई और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। एएनटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन कहां से खरीदता था और बरेली के अलावा किन-किन जनपदों में इसकी सप्लाई करता था। पुलिस देहरादून में उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है। आरोपी 20 से 25 बार देहरादून गया था।

आरोपी के पास से 1 किलो 300 ग्राम अवैध हेरोइन हुई बरामद

इस मामले में ​एसपी अंशिका वर्मा ने बताया कि 4 सितंबर 2026 को थाना मीरगंज पुलिस टीम एवं एएनटीएफ यूनिट बरेली द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक अभ्यस्त मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया जिसका नाम जब्बार खान है। इसके पास से 1 किलो 300 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त इसके पास से मोबाइल फोन और 1200 रुपये भी बरामद हुए हैं। ​यह भी उल्लेखनीय है कि इसके द्वारा यह कार्य लगातार किया जा रहा था, करीब 25 से 30 बार इसी महीने में इसके द्वारा देहरादून जाकर अन्य तस्करों को अवैध स्मैक सप्लाई की गई है। जब्बार खान को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है और इस संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

(रिपोर्ट – विकास साहनी)

ये भी पढ़ें

मेरठ पुलिस ने इनामी बदमाश को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, बिना नंबर प्लेट की बाइक हुई बरामद

सामने पत्नी का शव, आंखों में बेबसी और पास बैठी रोती मासूम बेटी… बारिश में घंटों मदद का इंतजार करता रहा पति





Source link

Write A Comment