Last Updated:
Bahraich khas lassi: गर्मियों के इस मौसम में यदि आप कलेक्ट्रेट के सामने से गुजर रहे हैं, तो रुकिए! यहां स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हाथों का बना एक ऐसा अमृत आपका इंतजार कर रहा है, जिसका स्वाद बड़े-बड़े होटलों की महंगी लस्सी को भी मात दे रहा है. शुद्ध दूध, ढेर सारे ड्राईफ्रूट्स और चेरी के लाजवाब संगम से तैयार इस खास लस्सी के 200 एमएल गिलास की कीमत मात्र 51 रुपये है. बिना किसी केमिकल और बिना बर्फ के शुद्धता से तैयार इस लस्सी का स्वाद ऐसा है कि आप इसे एक बार पीने के बाद कभी भूल नहीं पाएंगे.
Bahraich khas lassi: वैसे तो बाजार में बहुत सी जगहों पर गर्मियों में लस्सी मिलती है और बहुत सी जगहों की लस्सी फेमस भी होती है. लेकिन बहराइच में महिलाओं द्वारा बनाई गई यह लस्सी बेहद स्वादिष्ट है. इसे महिलाएं अपने हाथों से, बिना किसी केमिकल के दही को जमाकर बनाती हैं. इसमें दूध भी अच्छी क्वालिटी का इस्तेमाल किया जाता है और लस्सी में ड्राईफ्रूट, चेरी और भी कई चीजों को डालकर परोसा जाता है. अब लोग धीरे-धीरे समूह की महिलाओं द्वारा बनाई गई इस लस्सी की ओर आकर्षित होकर इसका सेवन कर रहे हैं.
गर्मी को देखते हुए महिलाओं ने लगाया दिमाग!
समूह की महिलाओं द्वारा बनाई गई इस लस्सी की बिक्री गांव में नहीं, बल्कि शहर में की जा रही है. शहर में समूह की दुकान पर, जो बहराइच शहर के कलेक्ट्रेट के सामने बनी हुई है, वहां पर महिलाएं लस्सी को बनाकर बेचने के लिए भेज देती हैं. यहां पर महिलाओं द्वारा बनाई गई खाद्य सामग्री जैसे अचार, मुरब्बा, चूर्ण समेत लस्सी को बेचने का काम रवि नाम के शख्स करते हैं, जिन्होंने एक बैनर भी लगा रखा है. जहां पर आप पहुंचकर हर वक्त ताजी ठंडी लस्सी को पीकर ठंडक का एहसास बड़े आराम से ले सकते हैं.
लस्सी में चीनी की मात्रा सीमित, बर्फ न के बराबर!
लस्सी की बिक्री करने वाले रवि नाम के शख्स ने बताया कि इसमें बर्फ का इस्तेमाल नहीं किया जाता है, इस वजह से पीने में यह बड़ी ही स्वादिष्ट लगती है और पनछुट्टी (पतली) नहीं होती है. वहीं चीनी की बात करें तो बहुत मीठी होने पर लस्सी का मजा किरकिरा हो जाता है, इसलिए चीनी की मात्रा कम ही डाली जाती है. शायद यही वजह है जो यह लस्सी सभी को पसंद आती है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें