Last Updated:
Rainy Season Curd Tips: बारिश के मौसम में दही जमाना मुश्किल जरूर लग सकता है, लेकिन सही दूध, सही तापमान और थोड़ी गर्म जगह मिल जाए तो घर पर आसानी से गाढ़ा, मलाईदार और थक्के वाला दही तैयार किया जा सकता है. कई बार फर्क सिर्फ तरीके का होता है.
बारिश में गाढ़ा दही जमाने के आसान तरीके
Rainy Season Curd Tips: बारिश शुरू होते ही रसोई की कई छोटी-छोटी आदतें बदल जाती हैं. इनमें सबसे आम परेशानी होती है दही का सही तरीके से न जमना. कई घरों में लोग शिकायत करते हैं कि गर्मियों में जो दही आसानी से गाढ़ा और मलाईदार बन जाता था, वही बारिश में पानी छोड़ देता है या ठीक से जमता ही नहीं. वजह सिर्फ दूध नहीं, बल्कि मौसम भी होता है. बारिश के मौसम में हवा में नमी बढ़ जाती है और तापमान थोड़ा कम हो जाता है, जिससे दही बनने की प्राकृतिक प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है.
अक्सर लोग समझते हैं कि जामन खराब है या दूध में समस्या है, जबकि असली फर्क तापमान और तरीके का होता है. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान बदलाव करके घर पर वैसा ही गाढ़ा, थक्केदार और बाजार जैसा दही तैयार किया जा सकता है. इसके लिए किसी महंगे उपकरण की जरूरत भी नहीं होती, बस थोड़ा सही समय और सही तरीका अपनाना होता है.
बारिश में दही क्यों नहीं जमता?
दही बनने के लिए दूध में मौजूद बैक्टीरिया को काम करने के लिए अनुकूल तापमान चाहिए होता है. गर्मियों में यह प्रक्रिया तेजी से होती है, लेकिन बारिश में तापमान कम और वातावरण नम होने के कारण बैक्टीरिया की सक्रियता घट जाती है. इसका असर यह होता है कि दही देर से जमता है या उसकी बनावट ढीली रह जाती है. कुछ घरों में लोग जल्दी करने के लिए बहुत गर्म दूध में जामन मिला देते हैं. इससे भी दही का टेक्सचर बिगड़ सकता है और ऊपर पानी अलग होने लगता है.
एकदम थक्के वाला दही जमाने का सही तरीका
दही जमाने की शुरुआत दूध से होती है. अगर आप गाढ़ा और मलाईदार दही चाहते हैं तो फुल क्रीम दूध सबसे अच्छा माना जाता है. इसमें फैट अधिक होने से दही ज्यादा सेट और स्मूद बनता है. दूध को पहले अच्छी तरह उबालें. इसके बाद उसे इतना ठंडा होने दें कि उंगली डालने पर हल्की गर्माहट महसूस हो लेकिन जलन न हो. यही वह तापमान माना जाता है जिस पर जामन सबसे अच्छा काम करता है. अब इसमें लगभग एक चम्मच गाढ़ा और ताजा जामन डालें और धीरे से मिला दें. ध्यान रखें कि जामन बहुत पतला या ज्यादा खट्टा न हो.
दही जमाने के बाद सबसे जरूरी काम
बारिश में दही का बर्तन खुली जगह पर रखने से बचें. उसे किसी गर्म जगह रखें ताकि तापमान स्थिर बना रहे.
इसके लिए आप ये तरीके अपना सकते हैं
1. बर्तन को मोटे तौलिए से लपेट दें
2. बंद माइक्रोवेव के अंदर रख दें (माइक्रोवेव ऑन न करें)
3. थर्मल कुकर या कैसरोल में रखें
4. रसोई की बंद अलमारी का इस्तेमाल करें
आमतौर पर 7 से 8 घंटे में दही अच्छी तरह जम जाता है.
ये छोटी गलतियां बिगाड़ देती हैं पूरा दही
कई बार लोग दूध को बहुत ज्यादा ठंडा कर देते हैं और फिर शिकायत करते हैं कि दही नहीं जमा. वहीं कुछ लोग बार-बार ढक्कन खोलकर जांचते रहते हैं. इससे तापमान बदलता है और जमने की प्रक्रिया प्रभावित होती है. एक और आम गलती होती है बहुत ज्यादा जामन डालना. लोग सोचते हैं कि ज्यादा जामन से दही जल्दी बनेगा, लेकिन इससे स्वाद खट्टा हो सकता है और टेक्सचर भी प्रभावित होता है.
घरों में अपनाया जाने वाला आसान उपाय
कई परिवारों में आज भी दही जमाने के बाद बर्तन को आटे के डिब्बे के पास या गर्म कपड़ों के बीच रखा जाता है ताकि तापमान बना रहे. पुराने घरेलू तरीके आज भी काम आते हैं, खासकर बरसात में. अगर आपका दही बार-बार खट्टा हो रहा है, तो जमने के बाद उसे तुरंत फ्रिज में रख देना भी अच्छा उपाय हो सकता है.
About the Author
मीडिया की दुनिया में मेरा सफर एक रेडियो जॉकी के रूप में शुरू हुआ था, जहां शब्दों की ताकत से श्रोताओं के दिलों तक पहुंच बनाना मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि रही. माइक के पीछे की यह जादुई दुनिया ही थी जिसने मुझे इलेक्ट्र…और पढ़ें