Besan Muthiya Barfi Recipe: मेहमान घर आने वाले हों या फिर अचानक कुछ मीठा खाने का मन कर जाए, ज्यादातर लोग सीधे बाजार से मिठाई खरीद लाते हैं, लेकिन आज के समय में मिलावट का डर भी उतना ही बड़ा है. ऐसे में अगर घर पर ही हलवाई जैसी स्वादिष्ट और दानेदार मिठाई बन जाए, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है. खास बात यह है कि इस मिठाई को बनाने के लिए आपको कोई मुश्किल तरीका अपनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सिर्फ बेसन, घी, मावा और कुछ आसान चीजों की मदद से ऐसी बर्फी तैयार की जा सकती है, जिसका स्वाद लंबे समय तक याद रहेगा.

‘छाया की रसोई’ की यह खास रेसिपी बेसन को सीधे भूनने की जगह पहले उसका सख्त आटा गूंथकर पेड़े तैयार करने और फिर उन्हें तलकर दोबारा भूनने का तरीका बताती है. यही ट्रिक इस बर्फी को हलवाई जैसी दानेदार बनावट और लाजवाब स्वाद देती है, अगर आप भी घर पर कुछ अलग, शुद्ध और स्वाद से भरपूर मिठाई बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल सही है.

बेसन का मोयन और सख्त आटा तैयार करें
इस मिठाई की शुरुआत आधा किलो छने हुए बेसन से करें. इसमें करीब दो बड़े चम्मच देसी घी डालें और हाथों से अच्छी तरह मिलाएं ताकि हर दाने पर घी की परत चढ़ जाए. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बेसन का सख्त आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि पानी एक साथ बिल्कुल न डालें, क्योंकि आटा ज्यादा नरम हो गया तो सही टेक्सचर नहीं मिलेगा.

पेड़े बनाकर घी में तलें
अब गूंथे हुए आटे से छोटी-छोटी लोइयां या पेड़े बना लें. इन्हें उंगलियों से हल्का दबाकर थोड़ा चपटा कर दें, ताकि तलते समय ये अंदर तक अच्छे से पक जाएं. एक कड़ाही में देसी घी गर्म करें और मीडियम से धीमी आंच पर इन पेड़ों को सुनहरा होने तक तलें. तेज आंच पर तलने से पेड़े बाहर से तो लाल हो जाएंगे, लेकिन अंदर से कच्चे रह सकते हैं. तलने के बाद इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें.

दरदरा चूरा बनाकर दोबारा भूनें
जब पेड़े ठंडे हो जाएं, तो उन्हें हाथों से छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. अब इन्हें मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. यही दरदरा मिश्रण इस मिठाई की सबसे बड़ी खासियत है. अब पहले इस्तेमाल किए गए घी को छानकर दोबारा कड़ाही में डालें और इसमें यह बेसन का चूरा डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें. जब इसका रंग हल्का बदलने लगे और खुशबू आने लगे, तब अगला स्टेप शुरू करें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

मावा मिलाकर बढ़ाएं स्वाद
अब इसमें आधा किलो ताजा मावा या खोया डालें. मावे को पहले हाथ से क्रम्बल कर लें ताकि वह आसानी से बेसन में मिल जाए. धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए दोनों चीजों को अच्छी तरह भूनें. कुछ ही मिनटों में मिश्रण का रंग और खुशबू दोनों बदलने लगेंगे और इसका स्वाद भी काफी रिच हो जाएगा.

एक तार की चाशनी बनाएं
दूसरी तरफ एक पैन में दो कप चीनी और आधा कप पानी डालकर चाशनी तैयार करें. चाहें तो इसमें थोड़ा सा केसर और हल्का फूड कलर भी डाल सकते हैं, जिससे मिठाई का रंग और भी आकर्षक लगे. चाशनी को एक तार बनने तक पकाएं. अब इस गर्म चाशनी को धीरे-धीरे बेसन और मावे के मिश्रण में डालते जाएं और लगातार चलाते रहें.

आखिरी स्टेप में डालें खुशबूदार मसाले
जब मिश्रण अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तब गैस बंद कर दें. अब इसमें थोड़ा कद्दूकस किया हुआ जायफल और एक छोटा चम्मच इलायची पाउडर डालें. इन दोनों की खुशबू बर्फी के स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.

बर्फी को सेट करें और सर्व करें
एक ट्रे या थाली में पहले से थोड़ा घी लगा लें. अब तैयार मिश्रण इसमें डालकर चम्मच की मदद से बराबर फैला दें. ऊपर से बारीक कटे बादाम, पिस्ता और चाहें तो चांदी का वर्क लगाएं. इसे पूरी तरह ठंडा होने दें. सेट होने के बाद मनचाहे आकार में काट लें. आपकी दानेदार, मुंह में घुल जाने वाली बेसन की मुठिया बर्फी तैयार है.



Source link

Write A Comment