Last Updated:
Mirch Karonda Sabzi Recipe: बरसात में अगर आपको खट्टा-चटपटा खाने का मन करता है तो मिर्च-करौंदा की देसी सब्जी जरूर ट्राई करें. ग्रामीण क्षेत्रों में इसे सब्जी के साथ-साथ चटनी के तौर पर भी खाया जाता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. हरी मिर्च और करौंदे को काटकर सरसों के तेल में जीरा, अजवाइन और सौंफ के तड़के के साथ पकाया जाता है. धनिया, हल्दी, गरम मसाला और कश्मीरी लाल मिर्च से तैयार मसाला इसमें खास स्वाद देता है. करीब 7 से 8 मिनट धीमी आंच पर पकाने के बाद कसूरी मेथी और सूखा पुदीना मिलाया जाता है. यह सब्जी रोटी, पूरी और पराठे के साथ स्वादिष्ट लगती है और सही तरीके से रखने पर 2 से 3 दिन तक इस्तेमाल की जा सकती है.
राजस्थान में इन दिनों तेज बारिश का दौर जारी है. बरसात के मौसम में चटपटा और खट्टा खाने का मन भी काफी करता है. ऐसे में अगर आप कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं तो मिर्च-करौंदा की सब्जी जरूर बना सकते हैं. ग्रामीण इलाकों में इसे सब्जी के साथ-साथ चटनी भी कहा जाता है. करौंदे की यह सब्जी खास तौर पर बरसात के मौसम में बनाई जाती है. इसका खट्टा और चटपटा स्वाद इसे खास बनाता है.
गृहिणी प्रभा शर्मा ने बताया मिर्च-करौंदा की सब्जी बनाना बेहद आसान है. सबसे पहले हरी मिर्च और करौंदे को अच्छी तरह रगड़कर धो लें. इसके बाद दोनों का पानी अच्छी तरह सुखा लें. अब मिर्च और करौंदे को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें सब्जी बनाने के लिए लोहे की कढ़ाई का इस्तेमाल किया जाए तो स्वाद और भी अच्छा आता है. कढ़ाई को गैस पर गर्म करें और उसमें सरसों का तेल डालें. तेल गर्म होने पर जीरा, अजवाइन और सौंफ डालकर अच्छी तरह तड़का लगाएं.
इसके बाद धनिया पाउडर, हल्दी, गरम मसाला और थोड़ी सी कश्मीरी लाल मिर्च लें. कश्मीरी लाल मिर्च कम मात्रा में डालें, क्योंकि सब्जी में पहले से ही हरी मिर्च होती है. सभी मसालों को थोड़े से पानी में घोल लें और फिर गर्म तेल में डाल दें मसालों को धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
जब मसाला अच्छी तरह पक जाए और तेल छोड़ने लगे तो इसमें कटी हुई हरी मिर्च और करौंदा डाल दें. दोनों को मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं और धीमी आंच पर करीब 7 से 8 मिनट तक पकने दें. सब्जी पकने के बाद इसमें कसूरी मेथी और सूखा पुदीना पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें.
इसके बाद गैस बंद कर दें. आपकी स्वादिष्ट और चटपटी मिर्च-करौंदा की सब्जी तैयार है इस सब्जी को रोटी, पराठे और पूरी के साथ खाया जा सकता है. बरसात के दिनों में ग्रामीण इलाकों के कई घरों में इसे बनाया जाता है. इसकी खास बात यह भी है कि सही तरीके से बनाकर इसे 2 से 3 दिन तक रखा जा सकता है. खट्टे-चटपटे स्वाद की वजह से यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आती है.