Last Updated:

राज कचौरी उत्तर भारत का बेहद लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है. इसकी खासियत है कि इसमें खस्ता कचौरी के अंदर आलू, चने, दही, चटनियां और मसालों का स्वादिष्ट मिश्रण भरा जाता है. अगर आपको भी बाजार जैसी राज कचौरी पसंद है, तो इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है. जानिए इसकी आसान रेसिपी.

Zoom

राज कचौरी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान.

अगर घर पर कुछ खास और चटपटा खाने का मन है, तो राज कचौरी एक बेहतरीन विकल्प है. इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि एक ही प्लेट में आपको खट्टा, मीठा, तीखा और कुरकुरा स्वाद एक साथ मिलता है. बाहर मिलने वाली राज कचौरी जितनी स्वादिष्ट होती है, उतनी ही आसानी से इसे घर पर भी बनाया जा सकता है. बस कचौरी सही तरीके से फूलनी चाहिए और उसकी स्टफिंग ताजी होनी चाहिए.

सामग्री
कचौरी बनाने के लिए
1 कप सूजी
2 बड़े चम्मच मैदा
1 छोटा चम्मच तेल
1 चुटकी बेकिंग सोडा
स्वादानुसार नमक
गुनगुना पानी
तलने के लिए तेल

स्टफिंग के लिए
2 उबले आलू (छोटे टुकड़ों में कटे हुए)
½ कप उबले काबुली चने
½ कप उबले मूंग
½ कप फेंटी हुई ठंडी दही
2-3 बड़े चम्मच इमली की मीठी चटनी
2 बड़े चम्मच हरी चटनी
1 छोटा चम्मच चाट मसाला
½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
स्वादानुसार काला नमक
लाल मिर्च पाउडर
बारीक सेव
अनार के दाने
बारीक कटा हरा धनिया

बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी, मैदा, नमक, बेकिंग सोडा और तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए सख्त आटा गूंध लें. आटे को ढककर लगभग 20 से 25 मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए.

अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें पूरी से थोड़ी मोटी बेलें. कढ़ाही में तेल गर्म करें. तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद आंच को मध्यम कर दें और पूरी को धीरे-धीरे दबाते हुए तलें. सही तापमान पर तलने से कचौरी फूलकर अंदर से खोखली हो जाएगी. जब कचौरी सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो उसे निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें.

ऐसे तैयार करें राज कचौरी
ठंडी हो चुकी कचौरी के ऊपर हल्का-सा छेद करें. सबसे पहले उसमें उबले आलू, काबुली चने और उबले मूंग भरें. अब इसके ऊपर अच्छी मात्रा में ठंडी फेंटी हुई दही डालें.

इसके बाद इमली की मीठी चटनी और हरी चटनी डालें. ऊपर से चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, काला नमक और लाल मिर्च पाउडर छिड़कें. आखिर में बारीक सेव, अनार के दाने और हरा धनिया डालकर तुरंत सर्व करें. चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़ी पापड़ी या बारीक कटी प्याज भी डाल सकते हैं.

About the Author

Vividha SinghSub Editor

विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें



Source link

Write A Comment