Poha Vada Recipe: शाम की चाय के साथ हर बार समोसा, ब्रेड पकोड़ा या पकौड़े खाकर आप भी कुछ नया खाने का मन बना रहे हैं, तो इस बार क्रिस्पी पोहा वड़ा जरूर ट्राई करें. यह ऐसा स्नैक है जो बाहर से शानदार कुरकुरा और अंदर से बेहद सॉफ्ट होता है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय या मेहनत नहीं लगती, लेकिन स्वाद ऐसा मिलता है कि घर के सभी लोग इसकी तारीफ करते नहीं थकते. बच्चे हों या बड़े, हर कोई इसे दोबारा खाने की फरमाइश करता है, अगर इसके साथ कच्चे आम की खट्टी-तीखी हरी चटनी मिल जाए, तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.

हल्के मसालों और आसान सामग्री से बनने वाला यह स्नैक रोज की चाय को भी खास बना देता है, अगर आपके घर अचानक मेहमान आ जाएं या बारिश के मौसम में कुछ गरमा-गरम खाने का मन हो, तो यह रेसिपी आपके बहुत काम आएगी. आइए जानते हैं क्रिस्पी पोहा वड़ा बनाने का आसान तरीका, जरूरी सामग्री और कुछ ऐसे छोटे टिप्स जिनकी मदद से आपके वड़े हर बार एकदम कुरकुरे बनेंगे.

क्रिस्पी पोहा वड़ा क्यों है खास?
पोहा वड़ा एक ऐसा स्नैक है जो कम सामग्री में आसानी से तैयार हो जाता है. बाहर से गोल्डन और कुरकुरा होने के साथ इसका अंदरूनी हिस्सा बेहद मुलायम रहता है. इसका स्वाद चाय के साथ कमाल का लगता है, अगर आप रोज एक जैसे स्नैक्स खाकर बोर हो चुके हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बढ़िया विकल्प बन सकती है.

पोहा वड़ा बनाने के लिए सामग्री
1. 1¼ कप मोटा पोहा
2. पानी
3. 2 बड़े चम्मच तेल
4. 1 बड़ा चम्मच चना दाल
5. 1 छोटा चम्मच राई
6. ½ छोटा चम्मच सौंफ
7. 1 बड़ा चम्मच उड़द दाल
8. 1 टहनी करी पत्ता
9. 1 बड़ा प्याज (बारीक कटा)
10. 1 इंच अदरक (बारीक कटा)
11. 2 हरी मिर्च (बारीक कटी)
12. ½ छोटा चम्मच चीनी
13. स्वादानुसार नमक
14. 1 बड़ा चम्मच गाढ़ा दही
15. तलने के लिए तेल

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

क्रिस्पी पोहा वड़ा बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले पोहे को अच्छी तरह धोकर उसका एक्स्ट्रा पानी निकाल दें. अब पोहे को हल्के हाथों से मसल लें ताकि वह मुलायम हो जाए. एक छोटे पैन में तेल गर्म करें. इसमें चना दाल और राई डालें. जब राई चटकने लगे, तब सौंफ, उड़द दाल और करी पत्ता डालकर हल्का भून लें. अब यह तड़का पोहे में डाल दें. इसके बाद प्याज, अदरक, हरी मिर्च, चीनी, नमक और गाढ़ा दही मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें. तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे वड़े बनाएं और हल्का दबाकर उनका आकार दें.

कड़ाही में तेल गर्म करें और मिडियम आंच पर वड़ों को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें. अगर आप ज्यादा कुरकुरापन चाहते हैं, तो पहली बार तलने के बाद वड़ों को 2 मिनट ठंडा होने दें. फिर दोबारा 1 से 2 मिनट के लिए तल लें. इस आसान ट्रिक से वड़े ज्यादा क्रिस्पी बनते हैं. आखिर में इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए.

हरी चटनी बनाने के लिए सामग्री
1. 1 कच्चा आम
2. ½ इंच अदरक
3. 2-3 हरे प्याज
4. ¼ कप हरा धनिया
5. 1 बड़ा चम्मच तेल
6. 2 बड़े चम्मच दही
7. ¼ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
8. ¼ छोटा चम्मच चीनी
9. स्वादानुसार नमक

हरी चटनी बनाने का आसान तरीका
मिक्सर जार में कच्चा आम, अदरक, हरा प्याज, हरा धनिया और थोड़ा तेल डालकर बारीक पीस लें. अब इस पेस्ट को एक बाउल में निकालें. इसमें दही, काली मिर्च, चीनी और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. आपकी खट्टी-तीखी हरी चटनी तैयार है.

परोसने का सही तरीका
गरमा-गरम पोहा वड़ों को हरी चटनी, प्याज के स्लाइस और ताजा सलाद के साथ परोसें, अगर साथ में अदरक वाली चाय भी हो, तो इसका स्वाद और भी शानदार हो जाता है. यह स्नैक बारिश के मौसम, शाम की चाय, बच्चों के टिफिन या मेहमानों की खातिरदारी के लिए भी बढ़िया ऑप्शन है.

परफेक्ट पोहा वड़ा बनाने के आसान टिप्स
1. पोहे को ज्यादा देर पानी में न भिगोएं.
2. दही गाढ़ा ही इस्तेमाल करें.
3. तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद ही वड़े डालें.
4. मिडियम आंच पर तलने से वड़े अंदर तक अच्छी तरह पकते हैं.
5. डबल फ्राई करने से वड़े लंबे समय तक कुरकुरे बने रहते हैं.



Source link

Write A Comment