Last Updated:
Kanda Bhaji Recipe: बारिश के मौसम में अगर आप भी बाजार की प्याज भजी खाना पसंद करते हैं तो ये रेसिपी आप घर पर ट्राई करें. इससे प्याज के पकौड़े ऊपर से बिल्कुल कुरकुरे और अंदर से सॉफ्ट रहेंगे, ठीक वैसे ही जैसे बाजार में बिकती है.
बारिश का मौसम आते ही चाय के साथ गरमा-गरम प्याज के पकोड़ों की याद जरूर आती है. लेकिन घर पर बनाए गए पकोड़े अक्सर बाजार जैसी कुरकुराहट नहीं दे पाते. वहीं, बाहर मिलने वाली कांदा भजी या केकड़ा भजी की खासियत ये होती है कि वो बाहर से बेहद क्रिस्पी और अंदर से हल्की नरम रहती है. इसका राज सिर्फ मसालों में नहीं, बल्कि प्याज काटने के तरीके, बैटर तैयार करने की तकनीक और सही फ्राइंग में छिपा होता है.
महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में लोकप्रिय कांदा भजी अपने खास लच्छेदार आकार के कारण काफी पसंद की जाती है. यदि आप भी घर पर बिल्कुल बाजार जैसी भजी बनाना चाहते हैं, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर शानदार नतीजे पा सकते हैं. आइए जानते हैं स्वादिष्ट और कुरकुरी कांदा भजी बनाने की आसान रेसिपी.
सामग्री
500 ग्राम प्याज, 1.5 चम्मच नमक, 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 3 हरी मिर्च, 20 ग्राम हरा धनिया, 3 लहसुन की कलियां, 1 इंच अदरक, 10-12 करी पत्ते, 1 चम्मच जीरा, ½ चम्मच अजवाइन, 1 बड़ा चम्मच दरदरा कुटा धनिया, चुटकीभर हींग, ¼ चम्मच हल्दी, ½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 3-4 बड़े चम्मच चावल का आटा, 1 कप बेसन और 1 बड़ा चम्मच गरम तेल.
बनाने की विधि
- सबसे पहले प्याज को पतले और लंबे स्लाइस में काट लें. कटे हुए प्याज में नमक और कश्मीरी लाल मिर्च मिलाकर 2 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे प्याज नरम हो जाएंगे. इसके बाद इसे हाथों से निचोड़ते हुए इसका एक्स्ट्रा पानी उसी बर्तन में निकाल लें. इससे ऊपर से पानी नहीं मिलाना पड़ेगा.
- अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, धनिया, अदरक, लहसुन और करी पत्ता डालकर मिला लें. इसके बाद जीरा, अजवाइन, कुटा धनिया, हींग, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं.
- इस पकौड़े का सबसे खास इंग्रीडिएंट है चावल का आटा. ऐसे में कुरकुरेपन के लिए प्याज में पहले चावल का आटा डालें और अच्छी तरह मिलाएं. फिर धीरे-धीरे बेसन डालते हुए मिश्रण को हाथों से मिलाएं. जब अच्छी तरह से पकौड़े का मिक्स तैयार हो जाए तो इसमें में 1 बड़ा चम्मच गरम तेल मिलाएं.
- इसके बाद कढ़ाही में तेल गरम करें. मिश्रण को उंगलियों की मदद से छोटे-छोटे हिस्सों में सीधे तेल में डालें. इन्हें गोल आकार न दें, बल्कि लच्छेदार रहने दें. मध्यम-तेज आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
- गरमा-गरम कांदा भजी को चाय, हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें और बारिश के मौसम का आनंद लें.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें