Last Updated:

पलामू की रानू सिन्हा ने गर्मी के लिए ‘शाही बादाम शरबत’ की रेसिपी साझा की है. यह बिना चीनी और केमिकल के तैयार होता है. इसमें बादाम, केसर और मिश्री का उपयोग किया जाता है. यह शरीर को अंदरूनी ठंडक और ऊर्जा देता है. इसे आसानी से घर पर स्टोर किया जा सकता है.

ख़बरें फटाफट

पलामूः इन दिनों भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है. ऐसे मौसम में शरीर को अंदर से ठंडक देना बेहद जरूरी हो जाता है. अगर घर में मेहमान आने वाले हों या ऑफिस के बॉस को किसी खास ड्रिंक से इंप्रेस करना हो तो बाजार की कोल्ड ड्रिंक की जगह घर का बना शाही बादाम शरबत एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. स्वाद, सेहत और शाही अंदाज से भरपूर यह शरबत पुराने समय में राजा-महाराजाओं की पहली पसंद माना जाता था.

दरअसल, पुराने जमाने में चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए राजा-महाराजा बादाम का शरबत पिया करते थे. यह शरबत शरीर को अंदरूनी ठंडक देने के साथ-साथ ऊर्जा भी देता था. खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजें शरीर को ताकत और ताजगी दोनों देती हैं. आजकल बाजार में भी कई तरह के बादाम शरबत मिलते हैं, लेकिन उनमें चीनी और प्रिजर्वेटिव्स की मात्रा काफी ज्यादा होती है. वहीं कीमत भी काफी अधिक होती है.

पलामू जिले की घरेलू महिला रानू सिन्हा घर पर ही शुद्ध और बिना चीनी वाला शाही बादाम शरबत तैयार करती हैं. उनका कहना है कि घर में बने शरबत में न तो किसी तरह का केमिकल होता है और न ही अतिरिक्त चीनी. यही वजह है कि यह स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है. गर्मी में इसे पीने से शरीर को ठंडक मिलती है और थकान भी दूर होती है.

शरबत बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
उन्होंने बताया कि शाही बादाम शरबत बनाने के लिए एक कप भीगे और छिले हुए बादाम, आधा कप धागे वाली मिश्री या खजूर, 8 से 10 इलायची, 10 से 12 केसर के धागे और दो बड़े चम्मच खरबूजे के बीज की जरूरत होती है. इसके अलावा आवश्यकता अनुसार पानी या दूध लिया जाता है. मिश्री को चीनी का हेल्दी विकल्प माना जाता है, जबकि खरबूजे के बीज शरीर को ठंडक पहुंचाने का काम करते हैं.

ऐसे तैयार करें शाही बादाम शरबत
सबसे पहले भीगे हुए बादाम, इलायची और खरबूजे के बीज को थोड़ा दूध या पानी डालकर मिक्सर में महीन पेस्ट बना लें. इसके बाद एक बर्तन में पानी लेकर उसमें मिश्री डालें और धीमी आंच पर तब तक उबालें जब तक मिश्री पूरी तरह घुल न जाए. फिर तैयार बादाम पेस्ट को इसमें मिलाकर 10 से 15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए तो गुनगुने दूध में भीगे हुए केसर को इसमें डाल दें. इससे शरबत में शाही रंग और खुशबू आ जाती है.

ऐसे करें स्टोर और सर्व
मिश्रण ठंडा होने के बाद इसे कांच की बोतल में भरकर फ्रिज में रखा जा सकता है. जब भी शरबत पीना हो तो एक गिलास ठंडे दूध या पानी में दो से तीन चम्मच यह सिरप मिलाएं. इसके बाद तैयार हो जाएगा स्वाद और सेहत से भरपूर ठंडा-ठंडा शाही बादाम शरबत. ये गर्मी के मौसम में यह शरबत न सिर्फ शरीर को राहत देता है, बल्कि मेहमानों के सामने आपकी खास मेहमाननवाजी का भी एहसास कराता है.

About the Author

Prashun Singh

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.



Source link

Write A Comment