Homemade Aloo Naan Recipe : बरसात के मौसम में गर्मागर्म आलू नान खाने का मजा ही कुछ और होता है. ऐसे में अक्‍सर हम ढाबा या रेस्टोरेंट का रुख करते हैं. प्‍लेट में जैसे ही नरम, फूला-फूला और मसालेदार आलू नान आता है, तो दिमाग में एक बार जरूर यह बात आती है‍ कि काश इसे घर पर भी बना सकते. दरअसल, कई लोगों को लगता है कि तंदूर के बिना रेस्टोरेंट जैसा नान घर पर तैयार नहीं हो सकता, लेकिन सही रेसिपी और कुछ आसान किचन ट्रिक्स से आप तवे पर भी शानदार आलू नान बना सकते हैं. बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से मुलायम यह नान हर किसी को पसंद आएगा. इसे दाल मखनी, छोले, पनीर या रायते के साथ परोसकर खाने का मजा दोगुना हो जाता है. आइए जानते हैं रेस्टोरेंट स्टाइल आलू नान बनाने की आसान रेसिपी.

जानते हैं रेस्टोरेंट स्टाइल आलू नान बनाने की आसान रेसिपी.Image: AI

आलू नान बनाने के लिए सामग्री-

नान के आटे के लिए
2 कप मैदा
आधा कप दही
1 छोटा चम्मच चीनी
स्वादानुसार नमक
आधा छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
1/4 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
2 बड़े चम्मच तेल गुनगुना पानी

आलू की स्टफिंग के लिए
2-3 उबले हुए आलू
1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
आधा बारीक कटा प्याज
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच अमचूर
1/4 छोटा चम्मच गरम मसाला
स्वादानुसार नमक

ऐसे तैयार करें आटा-
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा, नमक, चीनी, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें दही और तेल डालें. इसके बाद गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें. आटे को ढककर 1 से 2 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें. इससे आटा अच्छी तरह फूल जाएगा और नान सॉफ्ट बनेंगे.

तैयार करें मसालेदार आलू की स्टफिंग-
उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें. अब इसमें हरी मिर्च, प्याज, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. कोशिश करें कि स्टफिंग सूखी रहे, ताकि नान बेलते समय बाहर न निकले.

इस तरीके से बनाएं आलू नान-
आटे की मध्यम आकार की लोई बनाएं. इसे थोड़ा बेलें और बीच में आलू की स्टफिंग भर दें. लोई को चारों तरफ से बंद करके हल्के हाथ से गोल या अंडाकार आकार में बेल लें.

अब तवा गर्म करें. नान की एक तरफ हल्का पानी लगाएं और पानी वाली सतह को तवे पर चिपका दें. जब नान पर बुलबुले दिखने लगें, तब तवे को उल्टा करके नान को सीधे आंच पर सेकें. इससे नान पर तंदूरी जैसा रंग आएगा और वह अच्छी तरह फूल जाएगा.

आखिर में लगाएं घी या मक्खन
तैयार नान पर गर्मागर्म घी या मक्खन लगाएं. इसे दाल मखनी, छोले, रायता या अपनी पसंद की किसी भी सब्जी के साथ परोसें. इसका स्वाद बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा लगेगा.

परफेक्ट आलू नान बनाने के आसान टिप्स
आटा हमेशा नरम गूंथें. दही डालने से नान ज्यादा मुलायम बनते हैं. स्टफिंग में नमी ज्यादा न रखें. तवा अच्छी तरह गर्म होना चाहिए. नान को ज्यादा देर तक न सेकें, वरना वह सख्त हो सकता है.

अगर आप इन आसान टिप्स को फॉलो करेंगे, तो पहली ही कोशिश में घर पर ऐसा आलू नान बना पाएंगे, जिसे देखकर और चखकर हर कोई आपकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा.



Source link

Write A Comment