Last Updated:
Oil-Free Pakoras Recipe: अगर आप पकौड़ों का स्वाद लेना चाहते हैं, लेकिन ज्यादा तेल से बचना चाहते हैं, तो बिना तेल या बहुत कम तेल में बनने वाले कुरकुरे पकौड़े बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. एयर फ्रायर या ओवन की मदद से तैयार होने वाली यह आसान रेसिपी स्वाद और सेहत का संतुलन बनाए रखती है. हेल्दी और क्रिस्पी पकौड़े बनाने का तरीका आसान है.
ओवन या एयर फ्रायर में बिना तेल के कुरकुरे पकौड़े बना सकते हैं.
Perfect Oil-Free Pakoras Recipe: बरसात का मौसम शुरू हो गया है. बारिश का मौसम हो और गरमा-गरम पकौड़ों की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. कई लोग ज्यादा तेल में तले हुए पकौड़े खाने से बचते हैं. ऐसे में अगर आप भी हेल्दी तरीके से पकौड़ों का स्वाद लेना चाहते हैं, तो बिना तेल या बहुत कम तेल में कुरकुरे पकौड़े बनाने का तरीका आपके लिए बेहद काम आ सकता है. खास बात यह है कि इन पकौड़ों का स्वाद भी किसी डीप फ्राई पकौड़े से कम नहीं लगता. चलिए जानते हैं पकौड़े बनाने की अनोखी रेसिपी, जो आपको मानसून में भरपूर आनंद देगी.
बिना तेल के पकौड़े बना सकते हैं?
फूड एक्सपर्ट्स की मानें तो आजकल एयर फ्रायर, ओवन और नॉन-स्टिक पैन की मदद से पकौड़े बिना डीप फ्राई किए भी बनाए जा सकते हैं. इस तरीके से पकौड़े कम तेल में तैयार होते हैं, जिससे इनमें अतिरिक्त फैट की मात्रा भी कम हो सकती है. सही बैटर और सही तापमान का इस्तेमाल करके आप इन्हें बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम बना सकते हैं.
पकौड़े बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस आसान रेसिपी के लिए 1 कप बेसन, 1 बारीक कटा प्याज, 1 हरी मिर्च, थोड़ा सा हरा धनिया, आधा चम्मच अजवाइन, स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर और जरूरत के अनुसार पानी लें. आप चाहें तो इसमें पालक, पत्तागोभी या अन्य सब्जियां भी मिला सकते हैं. इन सभी चीजों से आप कुरकुरे और टेस्टी पकौड़े तैयार कर सकते हैं.
ऐसे तैयार करें पकौड़े का बैटर
एक बड़े बर्तन में बेसन, प्याज, हरी मिर्च, धनिया और मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार करें. ध्यान रखें कि बैटर बहुत पतला न हो, क्योंकि इससे पकौड़े कुरकुरे नहीं बन पाएंगे. अब बैटर को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाता है और पकौड़ों की बनावट भी बेहतर होती है.
एयर फ्रायर में बनाएं कुरकुरे पकौड़े
एयर फ्रायर को पहले से 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट कर लें. अब बैटर के छोटे-छोटे हिस्से एयर फ्रायर ट्रे में रखें. चाहें तो ऊपर से ब्रश की मदद से बहुत हल्का तेल लगा सकते हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं है. पकौड़ों को 12 से 15 मिनट तक पकाएं और बीच में एक बार पलट दें. कुछ ही मिनटों में आपके कुरकुरे पकौड़े तैयार हो जाएंगे.
ओवन में भी बना सकते हैं पकौड़े
अगर आपके पास एयर फ्रायर नहीं है, तो ओवन का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. बेकिंग ट्रे पर बटर पेपर लगाएं और बैटर के छोटे हिस्से रख दें. 200 डिग्री सेल्सियस पर 15 से 20 मिनट तक बेक करें. बीच में एक बार पलटने से पकौड़े समान रूप से कुरकुरे बनते हैं. पकौड़ों के बैटर में थोड़ा सा चावल का आटा या सूजी मिलाने से वे ज्यादा कुरकुरे बन सकते हैं. इसके अलावा अजवाइन और हरी मिर्च का इस्तेमाल स्वाद को और बेहतर बना देता है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें