Last Updated:
Steamed Cooking: भाप में बनने की वजह से इनमें तेल का इस्तेमाल बहुत कम होता है. ये पाचन के लिए हल्के होते हैं, शरीर को जरूरी पोषण देते हैं और गर्मियों में भी पेट पर भारी नहीं पड़ते।.अगर आप हेल्दी और स्वादिष्ट नाश्ते की तलाश में हैं, तो ये 6 पारंपरिक भारतीय स्टीम्ड डिशेज आपकी डाइट का हिस्सा बन सकते हैं.
गर्मियों के मौसम में ज्यादा तला-भुना और मसालेदार नाश्ता काफी भारी लगता है. ऐसे में स्टीम्ड यानी भाप में बने व्यंजन बेहतरीन विकल्प होते हैं. ये न सिर्फ हल्के और आसानी से पचने वाले होते हैं, बल्कि लंबे समय तक पेट भी भरा रखते हैं. भारत के अलग-अलग राज्यों में ऐसे कई पारंपरिक स्टीम्ड नाश्ते बनाए जाते हैं, जो स्वाद और पोषण दोनों से भरपूर हैं. यहां आप ऐसे 6 ब्रेकफास्ट डिशेज के बारे में जान सकते है.
सिद्धू हिमाचल प्रदेश का पारंपरिक व्यंजन है. इसे गेहूं के आटे से तैयार किया जाता है. इसे बनाने के लिए 2 कप गेहूं के आटे में थोड़ा यीस्ट या दही डालकर 3-4 घंटे के लिए खमीर उठने दें. भरावन के लिए भुने हुए अखरोट, खसखस, भुनी उड़द या चना दाल का पाउडर, नमक और हल्के मसाले मिलाएं. आटे में भरावन भरकर मोदक जैसी शेप दें और 20-25 मिनट तक भाप में पकाएं. इसे देसी घी और हरी चटनी के साथ परोसें.
इडली सबसे फेमस साउथ इंडियन डिश है, जिसे भाप में पकाया जाता है. इसे बनाने के लिए 2 कप इडली चावल और 1 कप उड़द दाल को अलग-अलग 5-6 घंटे भिगो दें. पीसकर बैटर तैयार करें और रातभर खमीर उठने दें. नमक मिलाकर इडली मोल्ड में डालें और 10-12 मिनट तक स्टीम करें. नारियल की चटनी और सांभर के साथ परोसें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ढोकला स्पंजी और स्वादिष्ट गुजराती नाश्ता है. इसे बनाने के लिए 1 कप बेसन में 2 बड़े चम्मच सूजी, आधा कप दही, नमक, हल्दी और पानी मिलाकर बैटर तैयार करें. आखिरी में ईनो या बेकिंग सोडा डालें और तुरंत स्टीम करें. 15 मिनट बाद निकालकर राई, करी पत्ता, हरी मिर्च, चीनी और नींबू के पानी का तड़का लगाएं.
दाल पीठा बिहार का पारंपरिक हेल्दी नाश्ता है. इसे चावल के आटे से बनाया जाता है. इसकी जगह आप गेहूं के आटे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए चावल के आटे या गेहूं के आटे का नरम आटा गूंथ लें. भरावन के लिए भीगी और दरदरी पिसी चना दाल में हींग, अजवाइन, अदरक, लहसुन और नमक मिलाएं. आटे में भरकर मोमो जैसी शेप दें और 15-20 मिनट तक भाप में पकाएं. धनिया या टमाटर की चटनी के साथ खाएं.
पुट्टू केरल का बेहद लोकप्रिय पारंपरिक नाश्ता है. इसे बनाने के लिए चावल के आटे में हल्का नमक और थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर उसे नम करें. पुट्टू मोल्ड में पहले कद्दूकस किया नारियल और फिर आटे की परत लगाएं. इसी तरह परतें बनाकर 8-10 मिनट तक स्टीम करें. इसे कडाला करी (काले चने की सब्जी) या केले के साथ परोसा जाता है.
कडुबू कर्नाटक का पारंपरिक स्टीम्ड नाश्ता है. इसे बनाने के लिए चावल का आटा या सूजी लें. इसमें नमक, जीरा और बारीक कटी हरी मिर्च मिलाएं. गर्म पानी डालकर नरम मिश्रण तैयार करें. छोटे-छोटे गोले या मोदक का आकार देकर 15 मिनट तक स्टीम करें. इसे नारियल की चटनी, घी या चटनी पाउडर के साथ खाया जाता है.