गूगल जल्द ही भारत में अपना नया फिटबिट एयर लॉन्च कर सकता है. कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन अमेज़न इंडिया पर इसकी लिस्टिंग सामने आने के बाद माना जा रहा है कि यह डिवाइस जल्द भारतीय बाजार में एंट्री कर सकती है. खास बात यह है कि फिटबिट एयर में स्क्रीन नहीं दी गई है. यह एक ऐसा फिटनेस ट्रैकर है जो पूरे दिन आपकी हेल्थ और फिटनेस पर नजर रखता है और सारी जानकारी आपके फोन में दिखाता है.
गूगल ने इस डिवाइस को सबसे पहले मई 2026 में अमेरिका में लॉन्च किया था. अब भारत में इसकी लॉन्चिंग की तैयारी होती दिख रही है.
अमेज़न लिस्टिंग में क्या पता चला?
अमेज़न की लिस्टिंग के मुताबिक, फिटबिट एयर Android और iPhone, दोनों के साथ काम करेगा. इसमें कई हेल्थ और फिटनेस फीचर्स दिए जाएंगे, जैसे:
- 24 घंटे हार्ट रेट मॉनिटरिंग
- नींद (Sleep) ट्रैकिंग
- फिटनेस एक्टिविटी ट्रैकिंग
- AI की मदद से हेल्थ सलाह
- एक बार चार्ज करने पर 7 दिन तक बैटरी
लिस्टिंग में ये डिवाइस Lavender कलर में दिखाई गई है. इसके साथ यूजर्स को गूगल हेल्थ प्रीमियम का 3 महीने का फ्री ट्रायल भी मिलेगा.
Gemini AI भी करेगा आपकी मदद
फिटबिट एयर में गूगल हेल्थ कोच फीचर मिलेगा, जो Gemini AI की मदद से काम करेगा. यह आपकी रोजाना की एक्टिविटी, नींद और हेल्थ डेटा को देखकर आपको बेहतर फिट रहने के सुझाव देगा. यानी आपको अलग से समझने की जरूरत नहीं होगी कि क्या सुधार करना है, AI खुद सलाह देगा.
स्क्रीन नहीं, फिर जानकारी कैसे मिलेगी?
फिटबिट एयर में कोई डिस्प्ले नहीं है. यह पूरे दिन आपकी हेल्थ से जुड़ा डेटा रिकॉर्ड करता रहता है. बाद में आप गूगल Health ऐप खोलकर अपने फोन पर सारी जानकारी देख सकते हैं.
इसमें मिलने वाले हेल्थ फीचर्स में शामिल हैं:
- लगातार हार्ट रेट मॉनिटरिंग
- AFib (अनियमित दिल की धड़कन) अलर्ट
- ब्लड ऑक्सीजन (SpO2) ट्रैकिंग
- हार्ट रेट वैरिएबिलिटी
- स्लीप स्टेज और स्लीप टाइम ट्रैकिंग
फिटनेस फीचर्स भी हैं दमदार
फिटबिट एयर अपने आप वॉक, रन या दूसरी एक्सरसाइज को पहचान सकता है. अगर चाहें तो आप खुद भी वर्कआउट रिकॉर्ड कर सकते हैं. इसके अलावा गूगल हेल्थ कोचh के जरिए गाइडेड वर्कआउट का भी फायदा मिलेगा.
गूगल का दावा है कि यह ट्रैकर एक बार चार्ज करने पर 7 दिन तक चल सकता है. वहीं सिर्फ 5 मिनट की चार्जिंग से पूरे दिन इस्तेमाल करने लायक बैटरी मिल सकती है.
फिलहाल अमेज़न पर डिवाइस ‘Unavailable’ दिख रही है और कीमत का भी खुलासा नहीं हुआ है. हालांकि लिस्टिंग से इतना साफ है कि गूगल फिटबिट एयर की भारत में लॉन्चिंग अब ज्यादा दूर नहीं है.