होमफोटोलाइफ़फूड

बिना 1 बूंद तेल के बनाएं चटपटा मिर्च का अचार, उंगलियां चाटते रह जाएंगे लोग

Last Updated:

Pani Wala Mirch Achar Recipe: खाने की थाली में अगर चटपटा अचार न हो, तो स्वाद अधूरा सा लगता है. लेकिन सेहत की चिंता या ज्यादा तेल-मसाले से परहेज करने वाले लोग अक्सर अचार खाने से बचते हैं. अगर आप भी ऐसा ही सोचते हैं, तो यह खास रेसिपी आपके लिए है. रामपुर की मोना चावला, जो पिछले पांच दशकों से पारंपरिक अचार बनाने में माहिर हैं, उन्होंने बिना तेल के सिर्फ नींबू पानी और मसालों से तैयार होने वाले लाजवाब पानी वाले मिर्च के अचार की खास रेसिपी साझा की है.

रामपुर की मोना चावला पिछले 50 वर्षों से अचार बनाने का काम कर रही हैं. वह घर पर अलग-अलग तरह के अचार तैयार करने के साथ उन्हें ग्राहकों तक पहुंचाती और बेचती भी हैं. उनके मुताबिक पानी वाला मिर्च का अचार उन लोगों के लिए खास है जिन्हें ज्यादा तेल वाला अचार पसंद नहीं आता. इसमें तेल की जरूरत नहीं पड़ती और स्वाद भी भरपूर रहता है. हरी मिर्च, मसाले और नींबू पानी से तैयार होने वाला यह अचार खाने की थाली में अलग ही स्वाद जोड़ देता है और इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.

मोना चावला के मुताबिक इसके लिए कम तीखी हरी मिर्च लें. करीब 250 ग्राम मिर्च को धोकर अच्छी तरह सुखा लें और डंठल हटा दें. अब मिर्च को गोल-गोल काट लें, फिर मिर्च में 2 चम्मच नमक और एक चम्मच नींबू का रस अच्छे से मिलाकर साफ कांच या स्टील के डिब्बे में रखें. डिब्बा पूरी तरह सूखा होना चाहिए. इसे ढक्कन से अच्छी तरह बंद करके एक दिन के लिए रख दें. एक दिन रखने से मिर्च थोड़ी नरम होगी, पानी छोड़ेगी और रंग भी बदलेगा. इससे मिर्च मसाला आसानी से सोखेगी और बिना तेल के भी अचार स्वादिष्ट बनेगा.

एक दिन नमक और नींबू के साथ रखी हुई मिर्च अब मसाला मिलाने के लिए तैयार है. अब इसके लिए 2 चम्मच लाल वाली राई और 2 चम्मच सौंफ लेकर इन्हें दरदरा पीस लें. इसमें थोड़ा सा हींग, थोड़ी पिसी काली मिर्च, बहुत थोड़ी कलौंजी, 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा हल्दी पाउडर डालें. सभी मसालों को अच्छी तरह मिलाकर मिर्च में डालें और चम्मच से अच्छे से मिला दें, ताकि मसाला हर टुकड़े पर चिपक जाए.

Add News18 as
Preferred Source on Google

मसाला भरने के बाद मिर्चियों को साफ और सूखे कांच के जार में करके रख दें. और याद रखें कि अचार निकालते समय गीले चम्मच का इस्तेमाल न करें, साफ और सूखे चम्मच से ही अचार निकालें. इस अचार की खासियत यही है कि इसमें तेल नहीं डाला जाता, फिर भी इसका स्वाद बेहद चटपटा रहता है. यह बिना तेल वाला अचार पराठे, पूरी और दाल-चावल के साथ खाने में बहुत अच्छा लगता है.

मसाला मिलाने के बाद अचार को तुरंत खाने के बजाय कुछ समय रखना जरूरी है ताकि मिर्च मसालों का स्वाद अच्छी तरह पकड़ सके. जार को बंद करके ऐसी जगह रखें जहां नमी और पानी से बचाव रहे. बीच-बीच में जार को हल्का सा हिला सकते हैं, जिससे मसाला नीचे बैठने के बजाय मिर्च के सभी टुकड़ों पर अच्छी तरह लग जाए. कुछ समय बाद मिर्च का स्वाद और रंग दोनों बदलने लगेंगे और अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा.

इस अचार में लंबे इंतजार की जरूरत नहीं पड़ती. जब मिर्च नरम होने लगे, मसाला अच्छी तरह उसमें मिल जाए और खट्टा-चटपटा स्वाद आने लगे तो समझिए अचार तैयार हो गया है. शुरुआत में मिर्च का स्वाद अलग लगेगा, लेकिन मसाले और नींबू अच्छी तरह मिल जाने के बाद इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है, इसलिए अचार को निकालने से पहले एक बार चखकर जरूर देख लें.

इस मिर्च के अचार की सबसे अच्छी बात यही है कि इसे रोज के खाने के साथ आसानी से खाया जा सकता है. गरमागरम पराठे के साथ इसका खट्टा-चटपटा स्वाद खूब अच्छा लगता है. दाल-चावल, पूरी या साधारण रोटी के साथ भी यह खाने का स्वाद बढ़ा देता है. अगर आपको बहुत ज्यादा तेल और मसाले वाला अचार पसंद नहीं है, तो यह तरीका आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment