Tomato Pulao Recipe: रोज-रोज यह सोचना कि आज खाने में क्या बनाया जाए, लगभग हर घर की आम परेशानी है. खासकर उन दिनों में जब समय कम हो और परिवार के लिए कुछ ऐसा बनाना हो जो स्वादिष्ट भी हो, पेट भरने वाला भी हो और बनाने में ज्यादा मेहनत भी न लगे. ऐसे समय में टोमेटो पुलाव एक शानदार विकल्प बन सकता है. यह रेसिपी साधारण सामग्री से तैयार होती है, लेकिन इसका स्वाद इतना बेहतरीन होता है कि कई लोगों को यह बिरयानी की याद दिला देता है.
टमाटर की हल्की खटास, मसालों की खुशबू, घी का रिच फ्लेवर और खिले-खिले बासमती चावल मिलकर इसे बेहद खास बना देते हैं, अगर इसके साथ ठंडा और क्रीमी रायता परोस दिया जाए तो पूरा भोजन और भी लाजवाब बन जाता है. अच्छी बात यह है कि इस पुलाव को लंच, डिनर या फिर मेहमानों के सामने भी आसानी से परोसा जा सकता है. आइए जानते हैं टोमेटो पुलाव बनाने का आसान तरीका, जिससे कम समय में होटल जैसा स्वाद घर पर ही मिल सकता है.
टोमेटो पुलाव के लिए जरूरी सामग्री
इस रेसिपी के लिए आपको पके हुए टमाटर, अदरक, लहसुन, बासमती चावल, प्याज, शिमला मिर्च, हरे मटर, काजू, घी, थोड़ा सा तेल और साबुत मसालों की जरूरत होगी. मसालों में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, गरम मसाला और नमक स्वाद के अनुसार रखें. साथ ही हरी मिर्च और हरा धनिया भी तैयार रखें.
टमाटर की प्यूरी तैयार करें
स्वाद की असली शुरुआत यहीं से होती है सबसे पहले मिक्सर जार में कटे हुए टमाटर, अदरक और लहसुन डालें. इन्हें अच्छी तरह ब्लेंड करके एकदम स्मूद पेस्ट तैयार कर लें. यही प्यूरी पुलाव को गहरा रंग और बेहतरीन स्वाद देती है. ताजा टमाटर इस्तेमाल करने से पुलाव का स्वाद और भी अच्छा आता है.
मसालों को सही तरीके से भूनें
एक बड़ी कढ़ाई में घी और थोड़ा सा तेल गर्म करें. घी पुलाव को शानदार खुशबू देता है, जबकि तेल घी को जल्दी जलने से बचाता है. अब इसमें तेजपत्ता, दालचीनी, लौंग, इलायची और अन्य साबुत मसाले डालकर धीमी आंच पर भूनें. इसके बाद पतले कटे प्याज डालें और हल्का सुनहरा होने तक पकाएं. अब इसमें शिमला मिर्च और काजू डालकर कुछ मिनट चलाएं. इससे पुलाव में हल्का क्रंच और स्वाद का अलग ही संतुलन आता है. अब गैस धीमी कर दें और हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, जीरा पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर मसालों को हल्का सा भून लें. ध्यान रखें कि मसाले जलने न पाएं.
टमाटर की प्यूरी डालकर तैयार करें मसाला
अब तैयार की हुई टमाटर की प्यूरी कढ़ाई में डालें और अच्छी तरह मिला दें. इसे तब तक पकाएं जब तक टमाटर का अतिरिक्त पानी सूख न जाए और किनारों से तेल अलग दिखाई देने लगे. यही स्टेप पुलाव के स्वाद को गहराई देता है. इसके बाद हरे मटर डालें और जरूरत के अनुसार पानी मिलाकर अच्छी तरह उबाल आने दें.
चावल डालने का सही समय
इस छोटी सी ट्रिक से बनेंगे खिले-खिले चावल बासमती चावल को कम से कम 20 मिनट पहले पानी में भिगो दें. इससे चावल जल्दी पकते हैं और उनके दाने टूटते नहीं हैं. जब पानी में अच्छी तरह उबाल आ जाए, तब भीगे हुए चावल और चीरी हुई हरी मिर्च डाल दें. अब कढ़ाई को ढककर धीमी आंच पर करीब 20 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में ढक्कन खोलने से बचें, ताकि भाप बनी रहे और चावल अच्छी तरह पकें. समय पूरा होने के बाद ढक्कन खोलें. आपको खिले-खिले, सुगंधित और मसालेदार टोमेटो पुलाव तैयार मिलेगा. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर हल्के हाथों से मिला दें.
पुलाव के साथ बनाएं झटपट रायता
इस पुलाव का स्वाद ठंडे रायते के साथ और भी बढ़ जाता है. इसके लिए एक बाउल में गाढ़ा दही लेकर अच्छी तरह फेंट लें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, कद्दूकस की हुई गाजर, कटे टमाटर और हरा धनिया डालें. स्वाद के अनुसार नमक, भुना जीरा पाउडर और काली मिर्च मिलाएं, अगर रायते को थोड़ा और मजेदार बनाना चाहते हैं तो इसमें थोड़ी बूंदी भी डाल सकते हैं. इससे रायते में हल्का क्रंच भी आ जाएगा.
स्वाद बढ़ाने के आसान टिप्स
अगर आप पुलाव को और ज्यादा रिच बनाना चाहते हैं तो इसमें पनीर के छोटे टुकड़े या हल्का फ्राई किए हुए मशरूम भी मिला सकते हैं. वहीं बच्चों के लिए इसे कम तीखा रखें. अच्छी क्वालिटी के बासमती चावल और ताजे टमाटर इस्तेमाल करने से इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. पुलाव को हमेशा धीमी आंच पर पकाएं, इससे हर दाना अलग और खुशबूदार बनता है.