Last Updated:
Kaale Til Ki Chutney: आपने आज तक कई तरह की चटनी खाई होगी पर काले तिल की चटनी का स्वाद शायद ही चखा हो. यह बिहार की खास रेसिपी है जिसका स्वाद बेहतरीन होता है साथ ही शेल्फ लाइफ भी लंबी होती है. आप इसे 20 दिन एक महीने भी रखकर खा सकते हैं. कभी जल्दी में हैं और सब्जी नहीं बना सकते तो नमक, मिर्च के साथ काले तिल की स्वादिष्ट चटनी तैयार कर सकते हैं. ये पराठा या चावल-दाल, चूड़ा-दही के साथ खाई जा सकती है. इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम होता है जो हड्डियों को मजबूत बनाता है.
अगर आप चूड़ा-दही खा रहे हैं और आपको मीठे के साथ चटपटा-नमकीन खाने का मन है, तो तिल की चटनी खा सकते हैं. वह भी मिथिलांचल स्टाइल में बनी काले तिल की चटनी. इसे एक बार बनाकर लंबे समय तक खा सकते हैं. अगर सिलबट्टे पर बनाते हैं तो 5 से 7 दिनों तक इसे खा सकते हैं और ओखली में सूखी चटनी कूटते हैं तो एक महीने तक खाई जा सकती है.
मिथिला में चूड़ा-दही खूब खाते हैं और यह चटनी भी यहां बड़े चाव से खाई जाती है. पुराने समय में दादी-नानी इसे कैसे बनाती थीं, वीणा देवी से समझते हैं रेसिपी. तिल की चटनी दो तरीके से बनती है. एक सिलबट्टे या फिर मिक्सर जार में पीसकर और दूसरा सूखा रोस्ट करके. लेकिन दोनों के लिए तिल को रोस्ट करना पड़ता है.
पहले आपको सिलबट्टे या फिर मिक्सर वाली चटनी कैसे बनाते हैं, उसकी पूरी विधि बता रहे हैं. सबसे पहले काले तिल को भूनकर यानी रोस्ट करके सुखा लें, क्योंकि इसमें तेल की मात्रा होती ही है, तो इसमें अलग से तेल की जरूरत नहीं पड़ती है. हालांकि कुछ लोग स्वाद के हिसाब से ऊपर से एक चम्मच सरसों का तेल डालते हैं. खास बात यह है कि ये शरीर के लिए भी फायदेमंद होती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
रोस्ट करने के बाद मिक्सर जार में तिल को डालेंगे. अगर चटनी 4-5 दिन में खत्म करनी है तो इसमें लहसुन, हरी मिर्च, अदरक और नमक डालकर तिल के साथ पीस लें. फिर इसमें आधा चम्मच तेल डालें और यह तैयार हो जाती है. मिक्सर में पिसी चटनी और सिलबट्टे में पिसी चटनी का स्वाद अलग होता है पर आप अपनी सुविधा से इसे पीस सकते हैं.
सूखी चटनी या अचार 20 दिनों तक खराब नहीं होता है. इसके लिए तिल को रोस्ट करने के बाद मुसल में या मिक्सर में थोड़ा सा नमक, हरी मिर्च और अदरक डालकर ड्राई पीस लें. इसमें थोड़ा सरसों का तेल मिलाकर आप किसी भी कांच के बर्तन में रखकर 15 दिन, 20 दिन या 1 महीने तक खा सकते हैं. याद रहे, इसमें अगर लहसुन डाल देते हैं तो इसे दो-तीन दिन ही रखा जा सकता है, उससे ज्यादा नहीं.