बेंगलुरु: यूं तो आमतौर पर लग्जरी होटलों को साफ-सफाई और बेहतर फूड क्वालिटी के लिए जाना जाता है लेकिन बेंगलुरु के कुछ नाम थ्री स्टार और फाइव स्टार होटलों में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के फ़ूड सेफ्टी विंग ने बेंगलुरु के 26 लग्जरी थ्री स्टार और फाइव में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान साफ़-सफ़ाई और नियमों के पालन में गंभीर कमियां पाई गईं । जांच के दौरान एक्सपायर्ड दूध, सड़ा हुआ मांस और फंगस लगी सब्जियां मिलीं। अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 35 सैंपल लेकर जांच के लिए फूड लैब भेजे गए।
फ़ूड सेफ्टी अधिकारियों की 30 टीमों ने मारे छापे
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री यू.टी. खादर के निर्देशन में फ़ूड सेफ्टी अधिकारियों की 30 टीमों ने बेंगलुरु शहरी ज़िले के सभी GBA ज़ोन में अचानक निरीक्षण किया। इस अभियान का मकसद ‘फ़ूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006’ और उससे जुड़े लाइसेंसिंग नियमों को लागू करना था।
अधिकारियों ने बड़े पैमाने पर खाने की चीज़ों के दूषित होने और उन्हें असुरक्षित तरीके से स्टोर करने की बात बताई। कई किचन में फफूंद लगी सब्ज़ियां और एक्सपायर्ड डेयरी, बेकरी आइटम, चिकन, मछली और मीट मिले। जांच के दौरान शाकाहारी और मांसाहारी खाने को अलग-अलग न रखने, उत्पादों की गलत ब्रांडिंग और FSSAI लेबलिंग नियमों का पालन न करने जैसी बातें भी सामने आईं। कई किचन साफ़-सुथरे नहीं थे और स्टोरेज एरिया की हालत खराब थी, जिससे लोगों की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता था।
सैकड़ों किलो असुरक्षित खाना नष्ट
- रैडिसन ब्लू (द एट्रिया): 105 किलो एक्सपायर्ड खाना ज़ब्त किया गया, जिसमें 50 किलो चिकन, 25 किलो मीट, 23 किलो मछली और 7 किलो सब्ज़ियां शामिल थीं।
- द ललित अशोक (एनेक्स साउथ): 76 किलो मीट, 200 किलो सब्ज़ियां और 32 लीटर एक्सपायर्ड सामान ज़ब्त करके नष्ट किया गया।
- ताज यशवंतपुर: 72 किलो मीट और मछली।
- फोर सीजन्स बेंगलुरु: 19 किलो मीट ज़ब्त किया गया।
- शांगरी-ला बेंगलुरु: 15 किलो मीट ज़ब्त किया गया।
- विवांता व्हाइटफ़ील्ड: 3 किलो एक्सपायर्ड बेकरी उत्पाद।
फ़ूड सेफ्टी कमिश्नर ने पुष्टि की कि संबंधित फ़ूड बिज़नेस ऑपरेटरों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इसके बाद एक्ट के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, यह कदम खाने की खराब क्वालिटी और साफ-सफाई में कमी को लेकर कई शिकायतों के बाद उठाया गया है। बेंगलुरु और राज्य की अन्य प्रमुख जगहों पर होटलों में फ़ूड क्वालिटी चैक के लिए रेड्स शुरू की है।
अधिकारियों ने सभी होटलों और फ़ूड बिज़नेस को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है। साथ ही कहा है कि इकट्ठा किए गए सैंपल की लैब जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: