Last Updated:

Baking Powder Vs Baking Soda: कुकिंग और बेकिंग के दौरान फर्मेंटेशन के लिए बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल बहुत ही कॉमन है. कई लोग बेकिंग पाउडर की जगह सोडा भी बिना कुछ सोचे यूज कर लेते हैं. लेकिन दोनों अलग हैं और इनके काम करने का प्रोसेस और टाइमिंग में भी अंतर होता है. यदि आप भी दोनों के बीच के अंतर को नहीं समझते हैं ये लेख आपके लिए है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

इडली-डोसा बनाने से लेकर केक, कुकीज बनाने तक किचन में बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल बहुत ही आम बात है. दोनों का काम आटे या बैटर में गैस बनाकर उसे फूलने में मदद करना है. इसी वजह से बेक की गई चीजों में हल्की और स्पंजी बनावट आती है. लेकिन कई लोग इन दोनों को एक जैसा समझने की गलती कर बैठते हैं.

लेकिन वास्तव में बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर दोनों अलग-अलग पदार्थ हैं और इनका काम करने का तरीका भी अलग होता है. यही कारण है कि किसी रेसिपी में बेकिंग सोडा की जगह सीधे बेकिंग पाउडर या बेकिंग पाउडर की जगह बेकिंग सोडा इस्तेमाल करने से रिजल्ट अलग देखने के लिए मिलता है.जैसे- केक ठीक से नहीं फूलता, स्वाद बिगड़ जाता है या बनावट खराब हो जाती है. इसलिए बेकिंग करते समय यह समझना जरूरी है कि दोनों में क्या अंतर है और किसका इस्तेमाल कब करना चाहिए.

बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर में क्या अंतर है?
बेकिंग सोडा को सोडियम बाइकार्बोनेट भी कहा जाता है. यह एक सफेद पाउडर होता है जो नमी और किसी अम्लीय पदार्थ जैसे दही, छाछ, नींबू, कोको या ब्राउन शुगर के संपर्क में आते ही रिएक्शन करता है. इस प्रोसेस में कार्बन डाइऑक्साइड गैस बनती है, जिससे बैटर फूलता है. क्योंकि ये रिएक्शन बहुत ही तेजी से होती है, इसलिए बैटर को तुरंत ओवन में रखना जरूरी होता है.

वहीं, बेकिंग पाउडर एक मिश्रण होता है जिसमें बेकिंग सोडा के साथ अम्लीय तत्व और अक्सर कॉर्नस्टार्च भी मिला होता है. इसका मतलब है कि इसमें रिएक्शन के लिए जरूरी एसिड पहले से मौजूद रहता है. इसलिए इसे उन रेसिपी में इस्तेमाल किया जाता है जिनमें अलग से कोई अम्लीय सामग्री नहीं होती. बेकिंग पाउडर दो प्रकार का होता है. पहला सिंगल-एक्टिंग, जो नमी मिलते ही रिएक्शन करता है. दूसरा डबल-एक्टिंग, जो पहले नमी मिलने पर और फिर ओवन की गर्मी मिलने पर दो बार रिएक्शन करता है.

बेकिंग सोडा के जगह बेकिंग पाउडर यूज कर सकते हैं?
जरूरत पड़ने पर बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर को एक-दूसरे की जगह इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन मात्रा में बदलाव करना पड़ता है. बेकिंग सोडा, बेकिंग पाउडर की तुलना में लगभग 3 से 4 गुना अधिक शक्तिशाली होता है. ऐसे में अगर आपको 1 चम्मच बेकिंग सोडा डालना है तो इसकी जगह आप 3 चम्मच बेकिंग पाउडर डाल सकते हैं. ध्यान रखें अगर गलती से गलत सामग्री का इस्तेमाल हो जाए तो केक या कुकीज ठीक से नहीं फूलते. बेकिंग सोडा ज्यादा होने पर स्वाद कड़वा या साबुन जैसा लग सकता है, जबकि बेकिंग पाउडर ज्यादा होने पर स्वाद थोड़ा धातु जैसा महसूस हो सकता है.

About the Author

शारदा सिंहSenior Sub Editor

शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment