आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, धूल-मिट्टी और प्रदूषण के कारण चेहरे की नेचुरल चमक धीरे-धीरे खोने लगती है। बाजार में मिलने वाले महंगे फेसवॉश और क्लींजर में अक्सर हानिकारक केमिकल्स होते हैं, जो त्वचा को रूखा और बेजान बना सकते हैं। ऐसे में आपकी रसोई में मौजूद तीन जादुई चीजें बेसन, दही और शहद मिलकर एक बेहतरीन नेचुरल क्लींजर की तरह काम कर सकती है। इसका इस्तेमाल कर आप चेहरे की खोई हुई चमक को वापस पा सकते हैं। यहां जान लें इसे तैयार करने का तरीका और इसके बेमिसाल फायदे।
सामग्री
- बेसन: 1 बड़ा चम्मच
- ताजा दही: 1 बड़ा चम्मच
- शहद: 1 छोटा चम्मच
इस तरह बनाएं क्लींजर
सबसे पहले एक कटोरी में बेसन, दही और शहद को अच्छी तरह मिलाकर स्मूथ पेस्ट बना लें। अब अपने चेहरे को हल्के गुनगुने पानी से धोएं, फिर इस पेस्ट को गर्दन और चेहरे पर सर्कुलर मोशन में 2 मिनट तक मालिश करते हुए लगाएं। इसे 5-7 मिनट के लिए चेहरे पर छोड़ दें, फिर ठंडे पानी से धो लें। इस क्लींजर में मौजूद बेसन त्वचा की गहराई से सफाई करता है, एक्सट्रा ऑयल को सोखता है और डेड स्किन सेल्स को हटाता है। वहीं दही में मौजूद लैक्टिक एसिड स्किन टोन को हल्का करता है, दाग-धब्बों को कम करता है और चेहरे को ठंडक देता है। जबकि शहद एक नेचुरल ह्यूमेक्टेंट है, जो त्वचा में नमी बनाए रखता है और इसके एंटी-बैक्टीरियल गुण मुंहासों से बचाते हैं।
इस क्लींजर के फायदे
डीप क्लीनिंग और एक्सफोलिएशन: बेसन एक्सफोलिएटर का काम करता है, जो त्वचा की बंद पोर्स को खोलकर गंदगी बाहर निकालता है।
नेचुरल ग्लो: दही और शहद ड्राई और डल स्किन में तुरंत फ्रेशनेस और नेचुरल चमक भर देता है।
मॉइस्चराइज्ड स्किन: केमिकल वाले क्लींजर त्वचा का नेचुरल ऑयल छीन लेते हैं, जबकि यह देसी क्लींजर धोने के बाद त्वचा को बिल्कुल सॉफ्ट और हाइड्रेटेड रखता है।
हर स्किन टाइप के लिए सही: यह कॉम्बिनेशन सेंसिटिव, ऑयली और ड्राई, हर तरह की स्किन पर बेहतरीन काम करता है।
दाग-धब्बे और टैनिंग कम करे: दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा के रंग को साफ करने में मदद करता है। नियमित इस्तेमाल से सूरज से हुई टैनिंग और पिगमेंटेशन धीरे-धीरे हल्की होती है।