Rice Potato Pakora Recipe: शाम की चाय के साथ कुछ गरमा-गरम और चटपटा खाने का मन हो, तो ज्यादातर घरों में पकौड़े बनाने का ख्याल आता है. आमतौर पर बेसन से बने प्याज, आलू या पनीर के पकौड़े हर किसी ने कई बार खाए होंगे, लेकिन अगर आप इस बार कुछ अलग और नया ट्राई करना चाहते हैं, तो चावल और आलू से बनने वाले ये कुरकुरे पकौड़े आपके लिए बढ़िया ऑप्शन हो सकते हैं. कुकिंग एक्सपर्ट “राखी की रसोई” की यह आसान रेसिपी उन लोगों के लिए खास है, जो कम सामान में जल्दी बनने वाला स्वादिष्ट नाश्ता ढूंढते हैं.

इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें बेसन या कॉर्नफ्लोर की जरूरत नहीं पड़ती. सिर्फ भीगे हुए चावल और उबले आलू से तैयार होने वाले ये पकौड़े बाहर से बेहद क्रिस्पी और अंदर से नरम बनते हैं, अगर घर में अचानक मेहमान आ जाएं या बच्चों को शाम के वक्त कुछ अलग खाने का मन हो, तो यह झटपट बनने वाला स्नैक आपकी मुश्किल आसान कर सकता है. कम तेल में बनने वाले ये पकौड़े हरी चटनी और कड़क चाय के साथ खाने में बेहद स्वादिष्ट लगते हैं.

क्यों खास है चावल और आलू के पकौड़ों की यह रेसिपी?
अक्सर लोगों को लगता है कि करारे पकौड़े बनाने के लिए बेसन, चावल का आटा या कॉर्नफ्लोर जरूरी होता है. मगर इस रेसिपी में भीगे हुए चावल खुद ही पकौड़ों को शानदार क्रंच देते हैं, जबकि उबले आलू इन्हें सॉफ्ट और स्वाद से भरपूर बनाते हैं. यह रेसिपी उन दिनों के लिए भी बढ़िया है, जब घर में ज्यादा सामान न हो और कुछ झटपट बनाना हो.

पकौड़े बनाने के लिए जरूरी चीजें
1. 1 कप भीगे हुए चावल
2. 2 से 3 उबले हुए आलू
3. स्वादानुसार नमक
4. आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
5. आधा छोटा चम्मच कुटी लाल मिर्च या चिली फ्लेक्स
6. 1 छोटा चम्मच साबुत जीरा
7. बारीक कटा हरा धनिया
8. 1 से 2 बारीक कटी हरी मिर्च
9. थोड़ा सा कद्दूकस किया हुआ अदरक
10. तलने के लिए तेल

ऐसे तैयार करें स्मूथ बैटर
सबसे पहले भीगे हुए चावल का पानी पूरी तरह निकाल लें. अब उबले आलुओं को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. मिक्सर जार में चावल और आलू डालें. इसमें बहुत थोड़ा पानी मिलाएं और गाढ़ा, चिकना बैटर तैयार कर लें. ध्यान रखें कि घोल ज्यादा पतला न हो, क्योंकि इससे पकौड़े तेल में टूट सकते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

मसालों से बढ़ाएं स्वाद
तैयार बैटर को एक बड़े बाउल में निकाल लें. अब इसमें नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च, जीरा, हरा धनिया, हरी मिर्च और अदरक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अगर आप थोड़ा अलग स्वाद चाहते हैं, तो इसमें बारीक कटा प्याज या थोड़ा चाट मसाला भी मिला सकते हैं.

पकौड़े तलने का सही तरीका
कढ़ाई में तेल गर्म करें. तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तो आंच को मीडियम कर दें. अब चम्मच या हाथ की मदद से बैटर के छोटे-छोटे हिस्से तेल में डालें. पकौड़ों को तुरंत न पलटें. पहले एक तरफ से हल्का सुनहरा होने दें, फिर दूसरी तरफ पलटकर अच्छी तरह तलें. जब पकौड़े गोल्डन ब्राउन और कुरकुरे हो जाएं, तो इन्हें निकालकर टिश्यू पेपर पर रख दें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.

सर्व करने का सबसे स्वादिष्ट तरीका
गरमा-गरम चावल और आलू के पकौड़े हरी धनिया की चटनी, लहसुन की चटनी या टोमैटो केचप के साथ परोसें. साथ में अदरक वाली कड़क चाय मिल जाए, तो स्वाद और भी बढ़ जाता है. यह स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को पसंद आ सकता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर की रोजमर्रा की चीजों से ही यह तैयार हो जाता है.

कुछ आसान टिप्स
1. चावल को कम से कम 3 से 4 घंटे भिगोकर रखें.
2. बैटर को ज्यादा पतला न करें.
3. पकौड़े हमेशा मीडियम आंच पर तलें.
4. ज्यादा क्रिस्पी स्वाद के लिए बैटर में थोड़ा सूजी भी मिला सकते हैं.
5. तलने के बाद तुरंत परोसें, ताकि कुरकुरापन बना रहे.



Source link

Write A Comment