मस्कट में खेली जा रही FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप 2026 में भारतीय पुरुष टीम की शानदार फॉर्म जारी है। भारतीय टीम अपने दमदार प्रदर्शन से लगातार जीत का सिलसिला कायम रखा है। टीम ने ओमान और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज कर यह साबित कर दिया कि वह इस टूर्नामेंट में खिताब की सबसे बड़ी दावेदारों में शामिल है।
भारतीय पुरुष टीम ने पहले मेजबान ओमान को पूरी तरह से मात देते हुए 10-1 के बड़े अंतर से हराया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार पांचवां मुकाबला अपने नाम किया और टूर्नामेंट में अपना अजेय अभियान जारी रखा। मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और शुरुआत से ही ओमान पर दबाव बनाए रखा। तेज पासिंग, बेहतरीन मूवमेंट और सटीक फिनिशिंग के दम पर टीम ने ओमान के डिफेंस को पूरी तरह बेअसर कर दिया।
पाकिस्तान को चटाई धूल
ओमान पर बड़ी जीत के बाद भारतीय टीम ने अपने अगले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया। इस तरह टीम इंडिया लगातार छठा मुकाबला जीतने में सफल रही। हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7-3 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। पूरे मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद पर शानदार नियंत्रण बनाए रखा और लगातार आक्रमण करते हुए पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। पहले हाफ में रोमित पाल (8वें मिनट), करण गौतम (10वें मिनट) और कप्तान केतन कुशवाहा (10वें मिनट) के गोल की बदौलत भारत ने 3-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में प्रह्लाद राजभर ने 12वें मिनट में चौथा गोल कर बढ़त को और मजबूत किया।
पाकिस्तान ने मोहम्मद उस्मान (12वें और 15वें मिनट) तथा कप्तान आदिल (17वें मिनट) के गोल की बदौलत वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। शाहरुख अली (16वें मिनट), राहुल यादव (18वें मिनट) और कप्तान केतन कुशवाहा (20वें मिनट) ने गोल दागकर भारत की 7-3 से शानदार जीत सुनिश्चित कर दी। भारत के स्टार खिलाड़ी और कप्तान कुशवाहा केतन को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
एक ही दिन में 2 बड़ी जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम का आत्मविश्वास और भी मजबूत हुआ है। टीम अब टूर्नामेंट के आखिरी दिन जीत के सिलसिले को बरकरार रखना चाहेगी। इससे पहले भारतीय टीम ने अपने पिछले 4 मुकाबलों में बांग्लादेश को 2 बार जबकि ओमान और पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। भारतीय मेन्स टीम अब टूर्नामेंट के आखिरी दिन यानी 25 जुलाई को मैदान पर उतरेगी।
महिला टीम को चीन से मिली मात
दूसरी तरफ, भारतीय महिला टीम को चीन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। चीन ने भारतीय टीम को 6-3 से मात दी। हालांकि, दिन के अपने दूसरे मैच में भारतीय महिला टीम उज्बेकिस्तान को 10-0 से हराने में सफल रही। इससे पहले महिला टीम ने 23 जुलाई को कजाकिस्तान पर 10-0 से शानदार जीत हासिल की थी। गौरतलब है कि FIH यूथ हॉकी5एस एशियन चैंपियनशिप 2026 पहली बार आयोजित होने वाले FIH यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है।
यह भी पढ़ें:
वर्ल्ड कप के लिए भारतीय हॉकी टीम का ऐलान, दिग्गज हरमनप्रीत सिंह संभालेंगे कप्तानी