भारत ने गुरुवार को ‘अग्नि-4’ मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। ये परीक्षण स्ट्रेटेजिक कमांड फोर्स (SFC) और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन यानी DRDO ने साथ मिलकर ओडिशा के चांदीपुर में स्थित इंटिग्रेटेड टेस्ट रेंज से किया है। आपको बता दें कि अग्नि-4 मिसाइल भारत की सबसे घातक बैलिस्टिक मिसाइलों में से एक है और परमाणु हथियारों को भी ले जाने में सक्षम है। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया पर इस मिसाइल परीक्षण की जानकारी दी है और SFC व DRDO को इसके लिए बधाई भी दी है।
रक्षा मंत्रालय ने दी जानकारी
रक्षा मंत्रालय की ओर से जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार, गुरुवार 6 अगस्त को ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटिग्रेटेड टेस्ट रेंज से मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल ‘अग्नि-4’ का सफल परीक्षण किया गया है। मिसाइल का परीक्षण सामरिक बल कमान (एसएफसी) ने किया। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इस प्रक्षेपण के दौरान सभी परिचालन और तकनीकी मानकों का सफलतापूर्वक सत्यापन हुआ। यह परीक्षण स्ट्रेटेजिक कमांड फोर्स की देखरेख में संपन्न हुआ।
राजनाथ सिंह ने दी बधाई
अग्नि-4 मिसाइल के सफल परीक्षण पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बधाई दी है। राजनाथ सिंह ने कहा- “स्ट्रैटेजिक फोर्सेस कमांड (SFC) और DRDO ने 6 अगस्त 2026 को ओडिशा के इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज से MRBM अग्नि-4 का सफल परीक्षण किया है। मैं SFC और DRDO को इस बेहतरीन मिशन लॉन्च के लिए बधाई देता हूं। इस मिसाइल परीक्षण ने अत्याधुनिक तकनीकों से देश की रक्षा करने के भारत के संकल्प को फिर से साबित किया है।” आपको बता दें कि इससे पहले मई महीने में भारत ने MIRV टेक्नोलॉजी से लैस एडवांस अग्नि मिसाइल का सफल टेस्ट किया था।
अग्नि-4 मिसाइल की खूबियां
भारत की अग्नि-4 मिसाइल परमाणु हथियारों को भी ले जाने में सक्षम है। इस मिसाइल का सफल परीक्षण भारत की सैन्य क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि का प्रतीक है। अग्नि-4 मिसाइल एक मध्यम-दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है और इसकी मारक क्षमता करीब 4,000 किलोमीटर की बताई जाती है। अग्नि-4 मिसाइल को चीन के खिलाफ भारत की प्रतिरोधक क्षमता के तौर पर देखा जाता है। दुनिया के कुछ ही देश ऐसे हैं जिनके पास भारत की इस मिसाइल जैसी कोई ताकत मौजूद है।
ये भी पढ़ें- DRDO ने किया कुशा मिसाइल का सफल परीक्षण, हवा में ही दुश्मन को खत्म करेगी, फाइटर जेट भी नहीं बचेंगे
DRDO की बड़ी कामयाबी, लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का किया सफल परीक्षण