प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय दवा कंपनियों की ग्लोबल लेवल पर मजबूत मौजूदगी की जरूरत पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि कम से कम एक-दो भारतीय कंपनियों को दुनिया की टॉप 5 दवा कंपनियों में प्रमुख स्थान हासिल करना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय दवा कंपनियों को दुनिया की टॉप कंपनियों में जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
भारत ने फार्मा सेक्टर में किया है महत्वपूर्ण काम
प्रधानमंत्री ने कहा, ”हमने फार्मा सेक्टर में महत्वपूर्ण काम किया है, लेकिन आज जरूरत इस बात की है कि एक-दो भारतीय कंपनियां दुनिया की टॉप 5 कंपनियों में प्रमुख स्थान हासिल करें। भारत को वहां अपना स्थान सुनिश्चित करना चाहिए।”
मात्रा के लिहाज से दुनिया में तीसरे स्थान पर है भारत
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, भारतीय फार्मा इंडस्ट्री मात्रा के लिहाज से दुनिया में तीसरे और मूल्य के लिहाज से 11वें स्थान पर है। इस सेक्टर में 3,000 से ज्यादा कंपनियां और 10,500 मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट्स हैं। देश का दवा बाजार 60 अरब अमेरिकी डॉलर का है और 2030 तक इसके 130 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।
वित्त वर्ष 2024-25 में 4.72 लाख करोड़ रुपये का हुआ कारोबार
आर्थिक समीक्षा 2025-26 के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में दवा क्षेत्र का सालाना कारोबार 4.72 लाख करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2014-15 से 2024-25 के दौरान दवाओं के निर्यात में सालाना औसतन 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
डिफेंस प्रोडक्शन में भी आत्मनिर्भर बनने की जरूरत
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने डिफेंस प्रोडक्शन में भी आत्मनिर्भर बनने की जरूरत पर जोर दिया। पीएम ने कहा कि डिफेंस प्रोडक्शन में देश को आत्मनिर्भर बनना होगा और ग्लोबल सप्लायर बनने का लक्ष्य रखना होगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने ग्रीन इकॉनमी को लेकर कहा कि हमें रिन्यूएबल एनर्जी, एनर्जी स्टोरेज, ग्रीन स्टोरेज और मैन्युफैक्चरिंग के एरिया में काम करना चाहिए। भारत के पास ब्लू इकॉनमी के एरिया में मौका है।
देश की अर्थव्यवस्था पर खास फोकस
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री के भाषण में देश की अर्थव्यवस्था पर खास फोकस दिखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में मैन्युफैक्चरिंग, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, कृषि, गति शक्ति, ग्लोबलाइजेशन, ग्रीन इकोनॉमी और ब्लू इकोनॉमी का जिक्र किया।
ये भी पढ़ें
Shiprocket IPO को मिला 99.38 गुना सब्सक्रिप्शन, चेक करें आज का GMP प्राइस