Last Updated:

Crispy Bhindi Recipe: भिंडी बनाते समय उसकी लिसलिसाहट कई लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाती है. सही तरीके से भिंडी को सुखाने, सही आंच पर पकाने और नींबू के रस की कुछ बूंदों का इस्तेमाल करने से यह समस्या काफी हद तक कम की जा सकती है. भिंडी को खिली-खिली, कुरकुरी और स्वादिष्ट बनाने की रेसिपी बहुत आसान है.

Zoom

भिंडी बनाते समय नींबू का रस डालने से लिसलिसाहट दूर हो सकती है.

Restaurant-Style Bhindi Recipe: भिंडी की सब्जी भारतीय घरों में काफी पसंद की जाती है. इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. भिंडी कई तरीके से बनाई जाती है और कई लोगों की यह फेवरेट सब्जी होती है. भिंडी बनाते समय सबसे बड़ी समस्या इसकी लिसलिसाहट होती है. कई बार अच्छी तरह पकाने के बावजूद भिंडी चिपचिपी हो जाती है, जिससे उसका स्वाद और टेक्सचर दोनों प्रभावित हो जाते हैं. अगर आप भी इस परेशानी से जूझते हैं, तो एक आसान किचन ट्रिक आपकी मदद कर सकती है. आपको बताएंगे कि भिंडी को लिसलिसा होने से कैसे बचाएं और उसका स्वाद कुरकुरा कैसे बनाएं.

नींबू का रस करेगा कमाल

भिंडी में प्राकृतिक रूप से म्यूसीलेज नामक एक चिपचिपा पदार्थ होता है. जब भिंडी काटी या पकाई जाती है, तो यह पदार्थ बाहर निकलने लगता है और सब्जी को लिसलिसा बना देता है. अगर भिंडी में नमी ज्यादा हो या उसे ढककर पकाया जाए, तो यह समस्या और बढ़ सकती है. कई फूड एक्सपर्ट्स का मानना है कि भिंडी बनाते समय कड़ाही में नींबू के रस की कुछ बूंदें डालने से उसकी लिसलिसाहट कम हो सकती है. नींबू में मौजूद एसिडिक तत्व भिंडी के चिपचिपेपन को कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं. इसके लिए जब भिंडी आधी पक जाए, तब 4 से 5 बूंदें नींबू का रस डाल दें. इससे भिंडी खिली-खिली और कुरकुरी बनेगी.

टमाटर और अमचूर भी करें यूज

कुछ लोग भिंडी में टमाटर या अमचूर पाउडर का इस्तेमाल भी करते हैं. इन दोनों में हल्की अम्लीयता होती है, जो लिसलिसाहट को कम करने में मदद कर सकती है. हालांकि इन्हें स्वाद के अनुसार ही इस्तेमाल करना चाहिए. अगर आपको कुरकुरी भिंडी पसंद है, तो उसे ज्यादा न पकाएं. ऊपर से भुना हुआ जीरा, धनिया पाउडर और हल्का चाट मसाला डालने से स्वाद और बढ़ सकता है. प्याज के साथ बनाई गई भिंडी भी काफी स्वादिष्ट लगती है.

भिंडी बनाते समय ये बातें रखें ध्यान

भिंडी को धोने के बाद अच्छी तरह सुखाना बेहद जरूरी है. अगर भिंडी में पानी रह जाए, तो पकाते समय उसकी लिसलिसाहट बढ़ सकती है. इसलिए धोने के बाद उसे कपड़े या टिश्यू से अच्छी तरह पोंछ लें. साथ ही भिंडी काटने से पहले यह सुनिश्चित करें कि चाकू और कटिंग बोर्ड भी पूरी तरह सूखे हों. भिंडी को तेज आंच पर पकाना बेहतर माना जाता है. इससे अतिरिक्त नमी जल्दी निकल जाती है और भिंडी ज्यादा चिपचिपी नहीं होती. शुरुआत में बार-बार चलाने की बजाय उसे कुछ देर पकने देना चाहिए.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Write A Comment