Kathal Shami Kebab Recipe : अगर आपको शामी कबाब पसंद हैं, लेकिन आप शाकाहारी हैं या कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो कटहल शामी कबाब आपके लिए परफेक्ट रेसिपी हो सकती है. कच्चे कटहल को यूं ही “वेज मटन” नहीं कहा जाता. इसका रेशेदार टेक्सचर और हल्का स्वाद इसे ऐसे व्यंजनों के लिए बेहतरीन बनाता है, जिनमें आमतौर पर मटन का इस्तेमाल होता है. यही वजह है कि कटहल से बने शाही शामी कबाब स्वाद, बनावट और खुशबू के मामले में किसी से कम नहीं लगते. फूड एक्‍सपर्ट ओसामा जलाली ने अपनी एक जबरदस्‍त रेसिपी शेयर की जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं. तो चलिए आप भी एक बार उनकी ये रेसिपी एक बार बनाएं. यकीन मानिए नॉनवेज खाने वाले भी इसकी रेसिपी पूछने लगेंगे.

कटहल शामी कबाब बनाने के लिए सामग्री-
300 ग्राम कच्चा कटहल
1/2 कप चना दाल (30 मिनट भिगोई हुई)
1 प्याज बारीक कटा हुआ
1 इंच अदरक
5-6 लहसुन की कलियां
2 हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच जीरा
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
1 बड़ा चम्मच पुदीना
2 बड़े चम्मच भुना बेसन या ब्रेडक्रम्ब्स
शैलो फ्राई करने के लिए तेल

ऐसे बनाएं शाही कटहल शामी कबाब-

सबसे पहले कटहल को छोटे टुकड़ों में काटकर अच्छी तरह धो लें. अब कुकर में कटहल, भीगी हुई चना दाल, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, थोड़ा नमक और जरूरत भर पानी डालकर 3 से 4 सीटी आने तक पका लें. जब मिश्रण पक जाए तो बचा हुआ पानी पूरी तरह सुखा लें और इसे ठंडा होने दें.

अब इस मिश्रण को हल्का दरदरा पीस लें या मैश कर लें. इसमें बारीक कटा प्याज, हरा धनिया, पुदीना, जीरा, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला और भुना बेसन डालकर अच्छी तरह मिला लें. अगर मिश्रण ज्यादा गीला लगे तो थोड़ा और बेसन या ब्रेडक्रम्ब्स मिला सकते हैं.

अब हाथों पर हल्का तेल लगाकर छोटे-छोटे गोल या ओवल आकार के कबाब तैयार करें. नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा तेल डालें और कबाब को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक शैलो फ्राई करें. चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर में भी कम तेल के साथ तैयार किया जा सकता है.

ऐसे करें सर्व-
कटहल शामी कबाब को हरी चटनी, प्याज के स्लाइस और नींबू के साथ गर्मागर्म परोसें. आप इन्हें रूमाली रोटी, पराठे या बर्गर और रैप की फिलिंग के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं. शाम की चाय के साथ यह स्नैक हर उम्र के लोगों को पसंद आएगा.

परफेक्ट कबाब बनाने के आसान टिप्स हमेशा कच्चे और सख्त कटहल का इस्तेमाल करें. मिश्रण में पानी बिल्कुल न रहने दें, तभी कबाब टूटेंगे नहीं. बेहतर स्वाद के लिए तैयार मिश्रण को 20-30 मिनट फ्रिज में रखकर फिर कबाब बनाएं.

तेज आंच की बजाय मध्यम आंच पर सेकें, ताकि कबाब बाहर से क्रिस्पी और अंदर से मुलायम बनें. चाहें तो मिश्रण में थोड़ा कसूरी मेथी या चाट मसाला मिलाकर स्वाद को और भी खास बना सकते हैं.

अगर इस बार घर में कुछ अलग और रेस्टोरेंट-स्टाइल स्नैक बनाने का मन है, तो कटहल शामी कबाब जरूर ट्राई करें. यह रेसिपी स्वाद, सेहत और शाही अंदाज का ऐसा कॉम्बिनेशन है, जिसे खाने के बाद हर कोई इसकी तारीफ करेगा.



Source link

Write A Comment