Last Updated:
बोकारो के चास में इन दिनों एक खास “टेडी डोसा” लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. आम डोसे से बिल्कुल अलग दिखने वाला यह डोसा टेडी बियर के आकार में तैयार किया जाता है, जिसे देखकर बच्चे ही नहीं बड़े भी खुश हो जाते हैं. ‘सुरेंद्र डोसा’ स्टॉल पर मिलने वाले इस अनोखे डोसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. स्टॉल संचालक विक्रम ने अपनी क्रिएटिविटी से साधारण डोसे को नया अंदाज दिया है, जिसके बाद अब यहां हर शाम ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है.
आपने प्लेन डोसा, मसाला डोसा और चीज डोसा तो कई बार खाया होगा, लेकिन क्या कभी “टेडी डोसा” के बारे में सुना है? अगर नहीं, तो बोकारो के चास में स्थित सुरेंद्र डोसा इन दिनों अपने अनोखे टेडी डोसा को लेकर काफी चर्चा में है.
यह खास डोसा बच्चों से लेकर बड़ों तक को खूब पसंद आ रहा है. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सिर्फ इसका स्वाद लेने ही नहीं, बल्कि इसके साथ फोटो और वीडियो बनाने भी पहुंच रहे हैं.
स्टॉल के संचालक विक्रम ने बताया कि उनका यह स्टॉल करीब 25 साल पुराना है. पहले उनके पिता इस स्टॉल को चलाते थे, लेकिन पिछले दो वर्षों से उन्होंने इसकी जिम्मेदारी संभाल ली है. विक्रम बताते हैं कि रोज एक जैसे डोसे बनाते और खाते-खाते उन्हें कुछ नया करने का विचार आया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसी सोच के साथ उन्होंने डोसे को टेडी बियर का आकार देना शुरू किया. शुरुआत में यह सिर्फ एक प्रयोग था, लेकिन जब ग्राहकों ने इसे पसंद करना शुरू किया तो उन्होंने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया.
देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और अब तक 2 लाख से ज्यादा लोग इसे देख चुके हैं. सोशल मीडिया पर लोकप्रियता बढ़ने के बाद उनके स्टॉल पर ग्राहकों की संख्या भी तेजी से बढ़ गई है.
विक्रम के मुताबिक, टेडी डोसा सामान्य डोसे की तरह ही चावल के आटे से तैयार किया जाता है. इसमें सबसे खास बात इसका डिजाइन है. डोसे को बारीकी और कलात्मक तरीके से टेडी बियर का आकार दिया जाता है, जिसके बाद उसे खास अंदाज में ग्राहकों को परोसा जाता है.
स्टॉल पर टेडी डोसा की कीमत 40 रुपये रखी गई है, जबकि मसाला टेडी डोसा 50 रुपये में मिलता है. वर्तमान में यहां रोजाना करीब 100 टेडी डोसा बिक रहे हैं. अगर आप भी इस अनोखे डोसे का स्वाद लेना चाहते हैं, तो शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक स्टॉल पर पहुंच सकते हैं. विक्रम ने बताया कि वह फिलहाल ग्रेजुएशन की पढ़ाई भी कर रहे हैं और पढ़ाई के साथ-साथ स्टॉल का संचालन भी संभालते हैं. उनका कहना है कि वह दोनों जिम्मेदारियों को अच्छी तरह मैनेज कर लेते हैं.